Coronavirus: अस्पताल और बैंक्वेट हाल में भर गए बेड तो यहां भी होगा इलाज, निगम ने मांगी सरकार से इजाजत

राजधानी में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए नगर निगमों ने स्कूलों और सामुदायिक भवनों को आइसोलेशन केंद्र बनाने की दिल्ली सरकार से इजाजत मांगी है। निगमों ने हल्के लक्षण वाले कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन केंद्रों की जरूरत पर जोर दिया।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 09:14 AM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 09:14 AM (IST)
Coronavirus: अस्पताल और बैंक्वेट हाल में भर गए बेड तो यहां भी होगा इलाज, निगम ने मांगी सरकार से इजाजत
कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन केंद्रों की जरूरत पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए नगर निगमों ने स्कूलों और सामुदायिक भवनों को आइसोलेशन केंद्र बनाने की दिल्ली सरकार से इजाजत मांगी है। यह मांग उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश की अध्यक्षता में पूर्वी और दक्षिणी नगर निगम के साथ साझा उच्चस्तरीय आपात बैठक में की गई। कोरोना के बढ़ते प्रकोप पर निगमों ने अपने कार्य की समीक्षा की और दिल्ली सरकार को महामारी के दौर में पूरा सहयोग करने की बात कही। निगमों ने हल्के लक्षण वाले कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन केंद्रों की जरूरत पर जोर दिया।

दिल्ली में लगे सप्ताहांत कफ्र्यू पर बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर सैनिटाइजेशन का महाअभियान चलाने की घोषणा भी की गई। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर आदेश गुप्ता भी मौजूद रहे। बैठक के बाद आदेश गुप्ता ने कहा कि लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे है और संकट की इस स्थिति में दिल्ली के तीनों नगर निगम जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताहांत के दौरान महाअभियान में सभी मार्केट, गलियों और सभी वार्डो में सैनिटाइजेशन किया जाएगा। जो लोग होम आइसोलेशन में हैं उनका कूड़ा उठाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

तीनों नगर निगमों में अभी 130 कोरोना रोधी टीकाकरण केंद्र हैं, जिन्हें बढ़ाने के साथ टीकाकरण को तेज किया जाएगा। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को चिकित्सीय परामर्श के लिए पैनल गठित किया जाएगा। यह पैनल मरीजों को फोन पर चिकित्सीय परामर्श देगा।

गुप्ता ने बताया कि तीनों महापौर ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखा है, जिसमें आइसोलेशन केंद्रों का दायरा बढ़ाने की बात है। निगम के अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए 1000 बेड तक की व्यवस्था करने की तैयारी है। नौ सौ बेड वाले ¨हदूराव अस्पताल को एक फिर कोरोना इलाज के लिए समर्पित अस्पताल बनाने का अनुरोध किया गया है। उल्लेखनीय है कि तीनों निगमों के पास इस समय 1200 स्कूल और 287 सामुदायिक भवन हैं।

chat bot
आपका साथी