Coronavirus: अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वजन की मौत से चिंतित अधिकारी, LG और CM से वैक्सीन लगाने को लिखा लेटर

संक्रमण की गंभीरता से चिंतित अधिकारियों ने उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों और उनके स्वजन को तुरंत वैक्सीन लगाने की मांग की है। इसी के साथ दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की प्रस्तावित परीक्षाओं को तुरंत रद करने को कहा।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 02:07 PM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 02:07 PM (IST)
Coronavirus: अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वजन की मौत से चिंतित अधिकारी, LG और CM से वैक्सीन लगाने को लिखा लेटर
अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वजन की मौत से चिंतित अधिकारी, उपराज्यपाल और सीएम से वैक्सीन लगाने को लिखा लेटर।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले सात दिनों के दौरान दिल्ली सरकार में काम करने वाले 16 अधिकारियों और कर्मचारियों सहित उनके स्वजन की मौत हुई है। संक्रमण की गंभीरता से चिंतित अधिकारियों ने उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों और उनके स्वजन को तुरंत वैक्सीन लगाने की मांग की है।

इसी के साथ दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की प्रस्तावित परीक्षाओं को तुरंत रद करने को कहा। पत्र में कहा गया है कि अगर परीक्षा का आयोजन किया जाता है तो संक्रमण कई गुना बढ़ सकता है। दास आफीसर्स एसोसिएशन ने इस बात पर नाराजगी जताई है कि संक्रमण बढ़ने के बाद भी 23 अप्रैल तक परीक्षाएं कराई जाती रहीं।

एसोसिएशन के महासचिव मनोज कुमार अम्बास्ता ने कहा कि ड्यूटी में लगे सभी लोगों को बचाने के लिए उनको वैक्सीन लगाना जरूरी है। कर्मचारी वैक्सीन के लिए एप पर अप्लाई कर रहे हैं मगर स्लाट नहीं मिल रहा है। पिछले सात दिनों के दौरान जिन 16 लोगों की मौत हुई है, उनमें मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत उपसचिव चंदन सेन गुप्ता, कैबिनेट मंत्री गोपाल राय के ओएसडी राजीव कुमार शामिल हैं। राजीव कुमार की पत्नी अभी भी अस्पतल में भर्ती हैं।

नरेंद्र पास्सी और मणिभूषण तिवारी का भी निधन हो चुका है। ये सभी दिल्ली सरकार के दास कैडर के तहत एडहाक दानिक्स अधिकारी थे। इनके अलावा राकेश सिंहमार (ग्रेड-एक) और उनके भाई ऋषि सिंहमार का भी निधन हो गया है। मृतकों में बिपिन चंद्र तिवारी, प्रिया चौधरी, सतीश अहमद शेख, अवतार सिंह, विनय शंकर, महेश कुमार भी शामिल हैं। सेवाएं विभाग में कार्यरत मौलिका बसु और उनके पति का भी निधन हो गया है।

chat bot
आपका साथी