दिल्ली में जल्द शुरु हो सकती है सार्वजनिक परिवहन सेवाएं, आम लोगों को राहत देने पर विचार

Coronavirus lockdown कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते ठप दिल्ली की परिवहन सेवाएं जल्द शुरू हो सकती है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 12 May 2020 11:49 AM (IST) Updated:Tue, 12 May 2020 11:54 AM (IST)
दिल्ली में जल्द शुरु हो सकती है सार्वजनिक परिवहन सेवाएं, आम लोगों को राहत देने पर विचार
दिल्ली में जल्द शुरु हो सकती है सार्वजनिक परिवहन सेवाएं, आम लोगों को राहत देने पर विचार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते ठप दिल्ली की परिवहन सेवाएं जल्द शुरू हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, परिवहन व्यवस्था में 18 मई से आंशिक रूप से शुरुआत हो सकती है। दिल्ली सरकार इसके लिए केंद्र सरकार के आदेश का इंतजार कर रही है। केंद्र सरकार 17 के बाद से नियमों में ढिलाई देती है तो सबसे पहले परिवहन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में धीरे-धीरे सब कुछ पटरी पर आ रहा है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ठप होने से समस्याएं खड़ी हो रही हैं। कोरोना जल्द खत्म होने वाला नहीं है। अब कोरोना के साथ ही जीना है। उन्होंने बताया कि सरकार चाहती है कि नियमों का सख्ती से पालन कराकर 25 या 50 फीसद बसें चलाने की अनुमति दी जाए। ऑटो व टैक्सी शुरू किए जाने पर भी विचार किया जा सकता है।

बसों व सार्वजनिक परिवहन सेवा के अन्य साधनों को संक्रमण रहित किया जाए। इसके तहत बस, ऑटो-रिक्शा, ग्रामीण सेवा, फट-फट सेवा, मैक्सी कैब, ईको-फ्रेंडली वाहनों को संक्रमण रहित किया जाए। सार्वजनिक वाहनों में शारीरिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा। मास्क लगाना अनिवार्य होगा। एक सीट पर एक ही सवारी बैठ सकती है।

मेट्रो परिचालन के लिए तैयार, निर्देश का इंतजार

दिल्ली मेट्रो दोबारा रफ्तार भरने के लिए तैयार है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का कहना है कि वह परिचालन के लिए तैयार है, लेकिन उसे सरकार से निर्देश का इंतजार है। वैसे लॉकडाउन खत्म होने के बाद परिचालन शुरू हो जाएगा। परिचालन के दौरान मेट्रो में भीड़ नियंत्रित करने की पूरी कोशिश रहेगी और शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी किया जाएगा। वैसे परिचालन शुरू होने के एक दिन पहले डीएमआरसी दिशा निर्देश जारी करेगा।

मेट्रो स्टेशनों पर ही ठहरेंगे सीआइएसएफ के जवान

मेट्रों का परिचालन अभी भले ही बंद है, लेकिन सीआइएसएफ के जवान सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशनों पर 24 घंटे तैनात रहते हैं। रात में उनके ठहरने की व्यवस्था भी स्टेशनों पर ही की गई है। हालांकि उन्हें खाने पीने की चीजें मेस से पहुंचाई जाती है। डीएमआरसी का कहना है कि परिचालन शुरू होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।

chat bot
आपका साथी