AAP-भाजपा के खिलाफ हमलवर होगी कांग्रेस, 25 से शुरू होगी पोल खोल यात्रा

दिल्ली कांग्रेस 25 अक्टूबर से 70 दिनों तक चलने वाली पोल खोल यात्रा की शुरुआत करेगी। इस यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार झूठ निष्क्रियता और अक्षमता को उजागर किया जाएगा।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 12:20 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 12:20 PM (IST)
AAP-भाजपा के खिलाफ हमलवर होगी कांग्रेस, 25 से शुरू होगी पोल खोल यात्रा
AAP-भाजपा के खिलाफ हमलवार होगी कांग्रेस, 25 से शुरू होगी पोल खोल यात्रा

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी तैयारी तेज कर दी है। इस बाबत दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अनिल चौधरी (Delhi Pradesh Congress Committee President Anil Chaudhary) ने कहा है कि दिल्ली कांग्रेस 25 अक्टूबर से 70 दिनों तक चलने वाली पोल खोल यात्रा की शुरुआत करेगी। इस यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार, झूठ, निष्क्रियता और अक्षमता को उजागर किया जाएगा।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बृहस्पतिवार को दिल्ली कांग्रेस चीफ अनिल चौधरी ने कहा कि यह यात्रा पूरी दिल्ली में 700 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 70 विधानसभाओं और 272 वार्ड में जाएगी। उन्होंने अभियान का पोस्टर भी जारी किया।

उन्होंने कहा कि एमसीडी में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी और दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने राजधानी दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। दोनों ने भ्रष्टाचार के स्तर को बढ़ा दिया है। अनिल चौधरी ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में भाजपा के 15 साल के शासन ने दिल्ली की हालत खराब कर दी है। सफाई कर्मचारियों, शिक्षकों, नर्सों, डाक्टरों और कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष जयकिशन, मुदित अग्रवाल, अली मेहंदी, शिवानी चोपड़ा, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज व सुरेंद्र कुमार सहित सभी जिला अध्यक्ष मौजूद थे।

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में 8 महीने से भी कम का समय बचा है। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी निगम में सत्ता बरकरार रखना चाहती है तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही हैं। खासकर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।

chat bot
आपका साथी