अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली में युवा चेहरे पर दांव लगा सकती है कांग्रेस, लॉबिंग करने में जुटे कई बड़े नेता

दिल्ली के विभिन्न नेता न केवल अपने लिए लॉबिंग कर रहे हैं बल्कि अपने-अपने आका के यहां हाजिरी लगाते हुए अपना नाम आगे बढ़ाने के लिए अनुनय-विनय भी कर रहे हैं।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 12:11 AM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 07:29 AM (IST)
अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली में युवा चेहरे पर दांव लगा सकती है कांग्रेस, लॉबिंग करने में जुटे कई बड़े नेता
अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली में युवा चेहरे पर दांव लगा सकती है कांग्रेस, लॉबिंग करने में जुटे कई बड़े नेता

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में शिकस्त के बाद से नेतृत्वविहीन चल रही दिल्ली कांग्रेस की कमान इस बार किसी युवा चेहरे के हाथ आ सकती है। पार्टी ऐसा नेतृत्व चाह रही है जो उत्साही हो और संगठन को फिर से खड़ा करने के लिए मेहनत करने का दम-रख रखता हो।

पार्टी सूत्र बताते हैं कि शीर्ष नेतृत्व दिल्ली के लिए युवा नेतृत्व तलाश रहा है। इस बार कांग्रेस किसी ऐसे नेता पर दांव नहीं लगाना चाह रही जो खुद कुछ न कर सके। पार्टी का मानना है कि अनुभवी नेताओं का अहम भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहा है। हालांकि नए अध्यक्ष के रूप में पार्टी एक खूबी यह भी चाह रही है कि वह दिल्ली की नब्ज पकड़ना जानता हो।

पूर्व प्रभारी पीसी चाको से लिया जाएगा फीडबैक

बहरहाल, दिल्ली कांग्रेस को नया सेनापति मिलने में अभी थोड़ा वक्त लगने की संभावना है। कारण, पार्टी ने जिन शक्ति सिंह गोहिल को राजधानी का अंतरिम प्रभारी बनाया है, अभी वह दिल्ली का सियासी मिजाज समझ रहे हैं। गुरुवार को पूर्व प्रभारी पीसी चाको केरल से दिल्ली आएंगे तो उसी दिन या फिर शुक्रवार को वह उनसे दिल्ली प्रभारी का कार्यभार लेंगे। इसके बाद वह चाको से फीडबैक लेकर अगले कुछ दिनों में दिल्ली के नेताओं से मिलना शुरू करेंगे। इसी के आधार पर वह अपनी रिपोर्ट बनाएंगे, जो बाद में पार्टी अध्यक्ष को सौंपेंगे।

कांग्रेस नेता लॉबिंग करने में जुटे

इस बीच दिल्ली के विभिन्न नेता न केवल अपने लिए लॉबिंग कर रहे हैं, बल्कि अपने-अपने आका के यहां हाजिरी लगाते हुए अपना नाम आगे बढ़ाने के लिए अनुनय-विनय भी कर रहे हैं। कुछ नेता सीधे सोनिया गांधी से भी मुलाकात कर रहे हैं। मसलन, पूर्व विधायक अलका लांबा ने भी दो दिन पूर्व सोनिया से मुलाकात कर दिल्ली में पार्टी की हार और संगठन की स्थिति पर चर्चा की। उनकी इसी मुलाकात के आधार पर सोमवार को अलका के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के कयास भी लगाए जाते रहे। दूसरी तरफ दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता अभिषेक दत्त के भी सोनिया गांधी से मिलने की चर्चा है।

दिल्ली कांग्रेस के अंतरिम प्रभारी शक्ति सिंह गोयल ने कहा कि 20 या 21 को दिल्ली का प्रभार संभाल लूंगा। प्रभार संभालने के बाद दिल्ली के नेताओं से यहां की स्थिति पर चर्चा भी करेंगे और देखेंगे कि यहां संगठन को मजबूत करने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी