फागिंग मशीन लेकर सदन पहुंची कांग्रेस, वेतन असमानता को लेकर उठाई कर्मचारियों की आवाज

हंगामा करने वाले कांग्रेल दल के नेता अभिषेक दत्त ने फागिंग मशीन लाकर सदन में घुसने का प्रयास किया लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक लिया तब हाथ छुड़ाकर दर्शक दीर्घा में पहुंच गए।यहां पर उन्होंने महापौर से फागिंग करने वाले वर्कर के वेतन कम होने को लेकर जानकारी मांगी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 07:10 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 07:10 PM (IST)
फागिंग मशीन लेकर सदन पहुंची कांग्रेस, वेतन असमानता को लेकर उठाई कर्मचारियों की आवाज
सीएफडब्ल्यू कर्मचारियों के वेतन का उठाया मुद्दा

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। दक्षिणी निगम की सदन की बैठक में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते बैठक को स्थगित करना तक पड़ गया। कांग्रेस ने जहां फागिंग मशीन सदन में ले जाकर फागिंग करने वाले कर्मचारियों के कम वेतन का मुद्दा उठाया तो वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पार्षद के पति की अधिकारियों से बदसलूकी का मुद्दा उठाते हुए इसके बैनर लहरा दिए। हंगामा होते देख महापौर मुकेश सुर्यान ने पहले जहां बैठक को दस मिनट के लिए बाद में अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हंगामे से पहले शोक प्रस्ताव के साथ निगम से जुड़े कार्यों को मंजूरी देने का कार्य पूरा हो चुका था।

कम वेतन होने की मांगी जानकारी

हंगामा करने वाले कांग्रेल दल के नेता अभिषेक दत्त ने फागिंग मशीन लाकर सदन में घुसने का प्रयास किया, लेकिन जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक लिया तो वह सुरक्षा कर्मियों से हाथ छुड़ाकर दर्शक दीर्घा में पहुंच गए। यहां पर उन्होंने महापौर से फागिंग करने वाले फील्ड वर्कर कर्मचारियों का वेतन कम होने को लेकर जानकारी मांगी। महापौर ने बिना इजाजत के लिए की गई कार्रवाई को गलत बताया। तो दत्त ने दर्शक दीर्घा से कांग्रेस पार्षदों के हाथ में फागिंग मशीन दे दी। इसे लेकर सुरक्षा कर्मियों और कांग्रेस पार्षदों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

एक ही काम के दो जगह अलग-अलग पैसे

हालांकि बैठक स्थगित होने से कुछ ही क्षण पूर्व अभिषेक दत्त सदन में पहुंच गए। दत्त का कहना था उत्तरी निगम में फागिंग करने वाले फील्ड वर्कर कर्मचारियों को 21 हजार का वेतन मिलता है जबकि दक्षिणी निगम के कर्मचारियों को केवल 13 हजार रुपये का वेतन मिलता है। उन्होंने कहा कि मिट्टी के तेल (कैरोसीन) से इस मशीन को चलाते हैं। इतनी भारी मशीन लेकर वह तीन से चार मंजिल तक जाकर फागिंग करते हैं। न तो इन्हें कोई स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है और न ही पर्याप्त वेतन। इसलिए उत्तरी निगम की तर्ज पर दक्षिणी निगम में 21 हजार का वेतन इन कर्मचारियों को मिलना चाहिए।

अधिकारियों व कर्मचारियों से भाजपा नेता कर रहे बदसुलुकी : प्रेम चौहान

दक्षिणी निगम की सदन की बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रेम चौहान ने मच्छरजनित बीमारियों पर काबू करने में विफल होने का आरोप लगाया। इसके साथ ही दर्शक दीर्घा से आप के पार्षदों ने भाजपा पार्षद के द्वारा पश्चिमी जोन के उपायुक्त से कथित बदसलूकी व विज्ञापन में भ्रष्टाचार को लेकर बैनर लहरा दिए। प्रेम चौहान ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त के साथ भाजपा की पार्षदा व उनके पति द्वारा दुर्व्यवहार पर स्पष्टीकरण न देने पर महापौर से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि उक्त प्रकरण निगम के कुशासन को उजागर करता है।

सदन की बैठक में योगेंद्र मोहन गुप्त को श्रद्धांजलि

दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन योगेंद्र मोहन गुप्त को दक्षिणी निगम की सदन की बैठक में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नेता सदन इंद्रजीत सहरावत ने शोक प्रस्ताव रखा, जिसमें पत्रकारिता क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को याद किया गया। साथ ही ईश्वर से इस दुखद घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों को शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। गुप्त के साथ ही कांग्रेस पार्टी की नेता ताजदार बाबर के निधन पर भी शोक प्रस्ताव पारित किया गया। महापौर मुकेश सुर्यान ने सदन को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने की अपील की। इसके बाद सदन में मौन रखा गया।

chat bot
आपका साथी