महंगाई से परेशान है दिल्ली की जनता, शर्मिष्ठा मुखर्जी ने केंद्र व 'आप' सरकार को घेरा

मुखर्जी ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से दिल्ली के लोग परेशान हैं। इस स्थिति के लिए केंद्र की मोदी सरकार व आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार दोनों जिम्मेदार है।

By Edited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 07:27 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 08:13 PM (IST)
महंगाई से परेशान है दिल्ली की जनता, शर्मिष्ठा मुखर्जी ने केंद्र व 'आप' सरकार को घेरा
महंगाई से परेशान है दिल्ली की जनता, शर्मिष्ठा मुखर्जी ने केंद्र व 'आप' सरकार को घेरा

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। डीजल व पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से परेशान जनता को अपने साथ जोड़ने के लिए कांग्रेस ने कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार से महिला कांग्रेस द्वारा जनता के बीच मुहिम शुरू की गई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता बसों में यात्रा करके और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों की प्रतिक्रिया ले रही हैं। इसकी रिकॉर्डिंग भी की जा रही है।

दिल्ली के लोग परेशान हैं
लोगों की प्रतिक्रियाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजने की तैयारी है। मुखर्जी ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से दिल्ली के लोग परेशान हैं। इस स्थिति के लिए केंद्र की मोदी सरकार व आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार दोनों जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की तुलना में आज कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट है। इसके बावजूद पेट्रोल व डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

बेरोजगारी भी बढ़ रही है
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 9.48 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 19.49 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। इसी प्रकार केजरीवाल सरकार ने पेट्रोल पर वैट की दर को 20 फीसद से बढ़ाकर 27 फीसद और डीजल पर 12.5 फीसद से बढ़ाकर 18 फीसद कर दिया है। मुखर्जी के नुसार, लोगों ने उन्हें व अन्य कार्यकर्ताओं को बताया कि महंगाई से वे परेशान हैं। बेरोजगारी भी बढ़ रही है। 

जारी रहेगा अभियान
कांग्रेस नेता ने कहा कि दोनों सरकारों का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है। लोगों की परेशानी की रिकॉर्डिंग दोनों सरकारों को भेजकर बताया जाएगा कि किस तरह से दिल्ली के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करने की कोशिश होगी।

chat bot
आपका साथी