दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, छाए काले बादल; कई जगहों पर बारिश

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को बारिश की पूरी संभावना है। यह बारिश न केवल प्रदूषण कम करने में, बल्कि सर्दी बढ़ाने के लिए भी काफी अहम है।

By JP YadavEdited By: Publish:Mon, 12 Nov 2018 09:16 AM (IST) Updated:Tue, 13 Nov 2018 12:40 PM (IST)
दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, छाए काले बादल; कई जगहों पर बारिश
दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, छाए काले बादल; कई जगहों पर बारिश

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिन व रात के तापमान में गिरावट होने के कारण सर्दी का अहसास ज्यादा हो रहा है। अगले सप्ताह ठंड और बढ़ने का अनुमान है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने मंगलवार से करवट ले ली है। सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। कई जगहों पर तो सड़कों पर वाहनों की लाइट तक जलानी पड़ी।

इस बीच गाजियाबाद, नोएडा के साथ दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही आशंका जता दी थी कि दिल्ली के कई इलाकों के साथ एनसीआर के शहरों भिवानी, खरखौंदा और सोनीपत में बारिश होगी। 

बताया जा रहा है कि हल्की बारिश से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा, बल्कि इसके बाद ठंड में भी इजाफा होगा। बूंदाबांदी का यह दौर बुधवार को भी बना रह सकता है। 

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी बारिश की पूरी संभावना है। यह बारिश न केवल प्रदूषण कम करने बल्कि सर्दी बढ़ाने के लिए भी काफी अहम है। इसके बाद अगले दिनों में दो से तीन डिग्री तक पारे में और कमी आ जाएगी। बुधवार को तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी आ सकती है। मौसम से इसे बड़ा बदलाव कहा जा सकता है।

वहीं, मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. केजे रमेश का कहना है कि यह सही है कि इस साल सर्दी ने जल्द दस्तक दे दी है। वजह, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का होना है। बर्फबारी के कारण दिल्ली की ओर आने वाली हवा में भी ठंडक आती है। पश्चिमी विक्षोभ की पहुंच भी इस साल सिर्फ पहाड़ों तक न रहकर मैदानी इलाकों तक है। इस कारण ठंड जल्द आ गई और ज्यादा महसूस हो रही है।

हिमाचल में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बढ़ी ठंड

मौसम के बदले तेवरों के कारण ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए चंबा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दो दिन घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

लाहुल-स्पीति का संपर्क कटा

हिमाचल में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण लाहुल-स्पीति का संपर्क प्रदेश से कट गया है। वहीं, रोहतांग र्दे में भी सोमवार को दोपहर बाद हिमपात शुरू हुआ, जिसके बाद र्दे को बंद कर दिया गया है। अब रोहतांग को अगले साल ही खोला जाएगा।

जम्मू कश्मीर के उच्चपर्वतीय इलाकों में फिर हिमपात

उधर, जम्म-कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में सोमवार को फिर से हिमपात हुआ। इससे निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। लद्दाख प्रांत का सड़क संपर्क देश के अन्य भागों से कट गया है। वहीं, जम्मू को कश्मीर से जोड़ने वाला मुगल रोड भी बंद कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान हिमपात और बारिश की संभावना जताई है।

हिमस्खलन का अलर्ट जारी
प्रशासन ने जोजिल, अफरवट और नियंत्रण रेखा से सटे उच्चपर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन के खतरे के मद्देनजर अलर्ट भी जारी किया है। जोजिला, राजधान पास, साधना टॉप, टंगडार, गुरेज, पवित्र गुफा, शेषनाग, अफरवट, युसमर्ग, जोजिला, सोनमर्ग और चंदनबाड़ी में दो से चार इंच ताजा बर्फ गिरी है। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।

यहां पर बता दें कि  दिल्ली-एनसीअार में रात की सर्दी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले दिनों दिवाली पर यानी 7-8 नवंबर की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। साथ ही 8 नवंबर तक न्यूनतम तापमान सबसे नीचे (7 साल में) गिरने का भी रिकाॅर्ड बना।

chat bot
आपका साथी