Weather & Cold ALERT ! दिल्ली-एनसीआर की मुसीबत बढ़ाने आ रही है ठंड, कोहरा भी करेगा परेशान
बारिश के चलते और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक जा सकता है। इससे ठंड में जोरदार इजाफा होगा। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से शीतलहर के भी चलने के आसार हैं।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने दिल्ली-एनसीआर के मौसम के मिजाज को पूरी तरह से बदल दिया है। बृहस्पतिवार को दिनभर हल्की बूंदाबांदी और शाम को हल्की बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में ठंड में इजाफा किया है। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का पहाड़ी राज्यों में भी नजर आने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आगामी एक सप्ताह तक तकरीबन रोजाना आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान ठीक-ठाक बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में एक सप्ताह तक इसी तरीके का मौसम बना रहेगा। इसके साथ ही बारिश के चलते और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक जा सकता है। इससे ठंड में जोरदार इजाफा होगा। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से शीतलहर के भी चलने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी आरके जेनामणि (RK Jenamani, Senior Scientist, Indian Meteorological Department) ने बताया कि अगले दो दिनों तक शहर में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। शुक्रवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 12 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आरके जेनामणि के अनुसार, शुक्रवार के लगातार तापमान में गिरावट होगी। इसके बाद 5 और 6 दिसंबर को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसके चलते बारिश होने और बर्फबारी के कारण दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आकर 8-9 तक आ जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बारिश होने के बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में ठीकठाक ठंड होनी शुूरू हो जाएगी। इसके अलावा, उत्तरी हिमालय से आने वाली शीत हवाएं दिल्ली की ठंड को बढ़ाएगी।
कोहरा भी करेगा बारिश
आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में कोहरा भी परेशान करने वाला है। बताया जा रहा है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कोहरा धीरे-धीरे घना होने लगेगा। खासकर सुबह के कुछ घंटे कोहरा वाहन चालकों को ज्यादा परेशान करेगा।