गलत दिशा में तेज रफ्तार से जा रही बीएमडब्ल्यू ने आटो में मारी जबरदस्त टक्कर, ड्राइवर की मौत

मोती नगर थाना में गलत दिशा में तेज रफ्तार से चल रही बीएमडब्ल्यू (एक्स 1 माडल) कार ने सामने से आ रही आटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि आटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने अपने दोस्तों के साथ घायल आटो चालक को अस्पताल पहुंचाया

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 02:52 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 02:52 PM (IST)
गलत दिशा में तेज रफ्तार से जा रही बीएमडब्ल्यू ने आटो में मारी जबरदस्त टक्कर, ड्राइवर की मौत
गलत दिशा में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू (एक्स 1 माडल) कार ने सामने से आ रही आटो में टक्कर मार दी।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मोती नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गलत दिशा में तेज रफ्तार से चल रही बीएमडब्ल्यू (एक्स 1 माडल) कार ने सामने से आ रही आटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि आटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने अपने दोस्तों के साथ घायल आटो चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया। मृतक का नाम बिंदेश्वरी महतो है। वह त्रिलोकपुरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे।

पुलिस ने बिंदेश्वरी के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामला शनिवार सुबह छह बजे का है। बिंदेश्वरी के भाई चंदेश्वर ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह शनिवार को ख्याला इलाके से आटो लेकर मोतीनगर की ओर आ रहे थे। बिंदेश्वरी भी अपने आटो से चंदेश्वर की आटो के आगे आगे चल रहे थे। रमेश नगर मेट्रो स्टेशन से आगे बढ़ने पर बिंदेश्वरी की आटो का सामना इसी लेन पर गलत दिशा में आ रही सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू कार से हो गया। कार ने आटो को टक्कर मार दी। टक्कर से आटो के परखच्चे उड़ गए।

उधर बीएमडब्ल्यू कार भी डिवाइडर से टकराने के बाद रुक गई। इसके बाद कार चालक कार से निकला और घायल बिंदेश्वरी को आटो से निकालने में जुट गया। इस बीच चंदेश्वर मौके पर पहुंचे। कार चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर घायल बिंदेश्वरी को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बिंदेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची मोती नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आरोपित हर्षवीर को गिरफ्तार कर लिया। हर्षवीर पंजाबी बाग में रहता है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि आरोपित कार में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसने सड़क को खाली देखकर अपनी लेन बदली और विपरीत दिशा में कार ले जाने लगा।

chat bot
आपका साथी