झुग्गी बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंदों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे भाजपा कार्यकर्ताः अरुण सिंह

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में पहुंचकर घर- घर सर्वे करेगी। ऐसे लोग जो जरूरतमंद हैं तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा रहे हैं उन्हें सभी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 06:10 AM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 07:38 AM (IST)
झुग्गी बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंदों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे भाजपा कार्यकर्ताः अरुण सिंह
विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुई झुग्गी सम्मान यात्रा

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित झुग्गी सम्मान यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में पहुंचकर घर- घर सर्वे करेगी। ऐसे लोग जो जरूरतमंद हैं तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा रहे हैं, उन्हें सभी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। जरूरतमंदों को रसोई गैस सिलेंडर हो, अपना काम शुरू करने के लिए लोन की सुविधा, केंद्र सरकार की इन सब बातों से जुड़ी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक हर हाल में पहुंचेगा। यात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व बंगाल से सांसद लाकेट चटर्जी भी उपस्थित थीं।

अरुण सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आज दिल्ली में झुग्गी में रहने वाले लोगों के राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। सीवर लाइन झुग्गियों में नहीं डाली गई है। पीने का पानी भी नलों से नहीं आत है। केजरीवाल ऐसे व्यक्ति हैं जो वादे करते हैं, लेकिन इसे पूरा नहीं करते।

अरुण सिंह ने यह भी कहा कि आगामी निगम चुनाव के दौरान भाजपा एक बार फिर जीत दर्ज करेगी , इस बात का उन्हें यकीन है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि झुग्गीवासी ही असल में दिल्ली के विकास के नायक हैं। वह खुद आभावों में रहकर भी ना सिर्फ दिल्ली के विकास मे बल्कि हर मध्यमवर्गीय परिवार के विकास में योगदान देते हैं। यह अत्यंत दुखद है की अरविंद केजरीवाल ने झुग्गीवासियों का एक वोट बैंक के रूप मे तो उपयोग किया लेकिन इनकी बस्तियों को विकास से वंचित रखा।

यहां के बच्चों की शिक्षा या स्वास्थ के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि सभी भाजपा पार्षदों को निर्देश दिया गया है कि जहां संभव हो वहां झुग्गी बस्तियों के आसपास बच्चों के खेलने एवं पढ़ने के लिए सामुदायिक स्थान विकसित करें। सांसद लाकेट चटर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं का सम्मान करने वाले व्यक्ति हैं। उनके मन में गरीबों के लिए बेहद सम्मान हैं।

महिलाएं हों या गरीब, दोनों वर्गों के कल्याण के लिए आज केंद्र सरकार की ओर अनेकानेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेश भाजपा के महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि झुग्गी सम्मान यात्रा के दौरान 71 परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किया गया व 450 बुजुर्गों को सम्मान पत्र दिया गया। इसके अलावा महिलाओं को साड़ियां भेंट की गई।

chat bot
आपका साथी