दिल्ली के शकरपुर में कीजिए सिर्फ एक रुपये में भर पेट भोजन, गौतम गंभीर ने किया जनरसाेई का उद्घाटन

पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने लक्ष्मीनगर के लोगों को बड़ी राहत देते हुए शकरपुर में जनरसोई का उद्घाटन किया। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां पर लोगों को सिर्फ एक रुपये में भर पेट खाना मिलेगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 01:51 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 07:01 PM (IST)
दिल्ली के शकरपुर में कीजिए सिर्फ एक रुपये में भर पेट भोजन, गौतम गंभीर ने किया जनरसाेई का उद्घाटन
गौतम गंभीर ने शकरपुर में किया जनरसाई का उद्घाटन

नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। मयूर विहार फेज-दो के बाद लक्ष्मीनगर विधानसभा के शकरपुर क्षेत्र में भी सांसद गौतम गंभीर ने बंद डलावघर को जन-रसोई में तब्दील कर दिया। यहां प्रतिदिन पांच सौ लोग एक रुपये में भरपेट भोजन कर सकेंगे। अब तक गंभीर फाउंडेशन की तरफ से यह चौथी एक आशा जन रसोई है। सबसे पहले गांधीनगर और उसके बाद न्यू अशोक नगर में जन-रसोई चल रही है। इसके बाद दोनों रसोई बंद डलावघर में बनाए गए हैं।

शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम और प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के साथ गौतम गंभीर ने शकरपुर में जन-रसोई का उद्घाटन किया। इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुष्यंत गौतम ने कहा कि कोरोना काल में गंभीर की तरफ से की गई सेवा लोगों को याद है। चाहे आक्सीजन की जरूरत हो या फिर दवा की। सांसद गौतम गंभीर ने बढ़-चढ़कर लोगों की मदद की। यहां तक कि उन्होंने अपने कार्यालय को टीकाकरण केंद्र में बदल दिया।

सैकड़ों लोगों को निश्शुल्क टीका लगवाया। जन-रसोई के माध्यम से भी वह जनता की सेवा ही कर रहे हैं। गाैतम गंभीर ने कहा, मैं मानता हूं कि अगर लोगों को भूखा देखकर हम कुछ नहीं करें तो हमें इंसान कहलाने का हक नहीं है। जन रसोई राजनीति के लिए नहीं बल्कि सेवा के लिए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से जन-रसोई की परिकल्पना तैयार की गई थी। अब तक चार शुरू हो चुके हैं। अपने संसदीय क्षेत्र में दस रसोई खोलने की योजना है।

इस मौके पर जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष पंकज कोचर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आनंद विहार से शकरपुर तक बाइक रैली निकाली गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दयानंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी नवीन कुमार, विधायक अभय वर्मा, महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा, विनोद बछेती, शाहदरा दक्षिणी जोन की अध्यक्ष हिमांशी पांडेय, पार्षद नीतू त्रिपाठी, गोविंद अग्रवाल, संतोष पाल, संदीप कपूर, संजय गोयल, महामंत्री दीपक गाबा, अनिल शर्मा, यशपाल कैंतुरा, पूर्व पार्षद बीबी त्यागी के अलावा राजेश साहनी, मयंक रावत, नीरज पंडित आदि मौजूद रहे।

अब बदबू की जगह खुशबू

शकरपुर में आबादी के बीच यह डलावघर कभी परेशानियों का सबब बन गया था। डलावघर के बाहर तक कचरा फैला रहता था। बदबू इतनी ज्यादा हो जाती थी कि इसके आसपास से गुजरना मुश्किल होता था। विधायक अभय वर्मा और स्थानीय पार्षद नीतू त्रिपाठी इस डलावघर को बंद कराने के लिए प्रयासरत रहे। बंद होने के बाद इसका सुंदरीकरण किया गया और इसमें जन-रसोई शुरू हो गई। अब यहां से लोगों को खाने की खुशबू आएगी।

डाक्टरों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में दुष्यंत गौतम और गौतम गंभीर ने कोरोना काल में बेहतर योगदान के लिए कृष्णानगर के गोयल यूरोलाजी सेंटर के निदेशक डा. अनिल गोयल और उनकी टीम को कोरोना योद्धा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

chat bot
आपका साथी