केजरीवाल सरकार और निगमों की लड़ाई पहुंची राजनिवास, भाजपा नेताओं ने की LG से शिकायत

बिधूड़ी ने कहा कि उपराज्यपाल से मिलकर यह बताया गया कि दिल्ली सरकार पर निगमों को मिलने वाले फंड का 13000 करोड़ रुपये और संपत्ति कर का दस हजार करोड़ रुपये बकाया है। बकाया भुगतान के लिए सोमवार को तीनों महापौर मुख्यमंत्री से मिलनेे गए थे।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 06:40 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 09:18 AM (IST)
केजरीवाल सरकार और निगमों की लड़ाई पहुंची राजनिवास, भाजपा नेताओं ने की LG से शिकायत
भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की।

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा ने दिल्ली सरकार पर नगर निगमों को परेशान करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से की है। उनका कहना है कि दिल्ली सरकार निगमों को फंड जारी नहीं कर रही है जिस वजह से डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने में परेशानी हो रही है। दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में बुधवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जय प्रकाश, पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर निर्मल जैन और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर अनामिका मिथलेश सिंह एवं भाजपा विधायकों का दल राजनिवास पहुंचा।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि उपराज्यपाल से मिलकर यह बताया गया कि दिल्ली सरकार पर निगमों को मिलने वाले फंड का 13000 करोड़ रुपये और संपत्ति कर का दस हजार करोड़ रुपये बकाया है। बकाया भुगतान के लिए सोमवार को तीनों महापौर मुख्यमंत्री से मिलनेे गए थे। सुबह से लेकर रात तक मुख्यमंत्री के इंतजार में उनके आवास के बाहर जमीन पर महापौर बैठे रहे, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने समय नहीं दिया।

भाजपा ने की फंड जारी करने की मांग

भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से अनुरोध किया है कि वह दिल्ली सरकार को निगमोंं का बकाया फंड व संपत्ति कर का शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दें। बकाया भुगतान होने पर नगर निगम कर्मियों को वेतन भुगतान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के अड़ैल रवैये के कारण इस त्योहार के मौसम में निगम कर्मचारियों के वेतन भुगतान में परेशानी हो रही है।

उपराज्यपाल ने दिया उचित कार्रवाई का भरोसा

बिधूड़ी ने बताया कि उपराज्यपाल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वस्त किया है कि वह इसका संज्ञान लेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे। इस अवसर पर विधायक विजेंद्र गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, मोहन सिंह बिष्ट, जितेंद्र महाजन, अनिल वाजपेई और प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार भी मौजूद थे।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी