Punjab Local Body Election 2021: प्रत्याशियों को जिताने के लिए दिल्ली के भाजपा नेता पहुंचे पंजाब

Punjab Municipal Election 2021 पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों की चुनौती से बेहतर तरीके से निपटकर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव का सफर आसान करना चाहती है। इसके साथ ही वह कृषि कानून को लेकर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का भी जवाब देना चाहती है।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 12 Feb 2021 08:13 AM (IST) Updated:Fri, 12 Feb 2021 10:08 AM (IST)
Punjab Local Body Election 2021: प्रत्याशियों को जिताने के लिए दिल्ली के भाजपा नेता पहुंचे पंजाब
14 फरवरी को मतदान होना है ।

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। बदले हुए सियासी हालात के बीच पंजाब में हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इन चुनावों की चुनौती से बेहतर तरीके से निपटकर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव का सफर आसान करना चाहती है। इसके साथ ही वह कृषि कानून को लेकर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का भी जवाब देना चाहती है। इस कोशिश में दिल्ली के कई भाजपा नेता इन दिनों पंजाब में डेरा डाले हुए हैं। प्रतिकूल माहौल में भी वह पार्टी के उम्मीदवारों को जीत दिलाने की कोशिश में लगे हुए हैं। 14 फरवरी को मतदान होना है।

कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब से ही प्रदर्शन की शुरुआत हुई थी और बीते ढाई माह से दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन चल रहा है। वहीं, कृषि कानूनों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल बादल ने भाजपा के साथ अपना वर्षो पुराना सियासी गठजोड़ तोड़ दिया। इस तरह से कई वर्ष बाद भाजपा पंजाब में अकेले चुनावी रण में उतरी है, इसलिए यह चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण व चुनौती भरा है। इस चुनौती से पार पाने के लिए मोहाली, पठानकोट, होशियारपुर, मोगा, कपूरथला, बठिंडा, बटाला व अबोहर में पार्टी के उम्मीदवारों को जीत दिलाने की जिम्मेदारी देकर दिल्ली के नेताओं को भेजा गया है।

मोहाली में प्रदेश मंत्री इम्प्रीत सिंह बख्शी, पठानकोट में पश्चिमी दिल्ली के पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश खन्ना, होशियारपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, मोगा में करोलबाग के पूर्व जिला अध्यक्ष भारत भूषण मदान, कपूरथला में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नकुल भारद्वाज, ब¨ठडा में पश्चिमी दिल्ली के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्य नारायण डंग, बटाला में प्रदेश उपाध्यक्ष करम सिंह कर्मा, अबोहर में पूर्व पार्षद हरीश ओबराय को चुनावी रणनीति बनाने के लिए भेजा गया है। उनके साथ पांच-पांच कार्यकर्ताओं की टीम भी दिल्ली से गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर दिल्ली से पंजाब गए कार्यकर्ताओं व पार्टी हाई कमान के बीच संयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

इन नेताओं का कहना है कि भाजपा उम्मीदवारों व समर्थकों को धमकी दी जा रही है। भाजपा नेताओं पर हमले हो रहे हैं, लेकिन पुलिस व प्रशासन हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पिछले दिनों मोगा में भारत भूषण मदान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। मदान का कहना है कि इस तरह के हमले से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं तोड़ा जा सकता है। वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि प्रत्येक शहर में कांग्रेस के लोग इस तरह के हमले कर रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह है। घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है। निश्चित तौर पर पार्टी को जीत मिलेगी।

chat bot
आपका साथी