कुतुबमीनार जाने वाले पर्यटकों को मिलने वाली है ये राहत, बुजुर्गों व दिव्यांगों को भी मिलेगी सहूलियत

Qutub Minar Latest News कुतुबमीनार गए होंगे तो कई जगहों पर आप को ऊपर नीचे खाई से होकर गुजरना पड़ता था। ऐसे में खासकर बुजुर्गों व दिव्यांगों को परेशानी होती थी। मगर इस विश्व धरोहर में पर्यटकों को अच्छा अनुभव मिलेगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 08:32 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 08:32 AM (IST)
कुतुबमीनार जाने वाले पर्यटकों को मिलने वाली है ये राहत, बुजुर्गों व दिव्यांगों को भी मिलेगी सहूलियत
कुतुबमीनार में पर्यटकों को आराम दिलाएंगे छोटे पुल

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। कुतुबमीनार गए होंगे तो कई जगहों पर आप को ऊपर नीचे खाई से होकर गुजरना पड़ता था। ऐसे में खासकर बुजुर्गों व दिव्यांगों को परेशानी होती थी। मगर इस विश्व धरोहर में पर्यटकों को अच्छा अनुभव मिलेगा। रास्तों को सुगम बनाने के लिए तीन छोटे छोटे पुल बनाए जा रहे हैं। पुल खूबसूरत भी होंगे। जिनके तल में चारों ओर मजबूत कांच लगाया जा रहा है। पुल पर चलने के दौरान नीचे के भाग को भी पर्यटक देख सकेंगे। इनके बन जाने से पर्यटकों को सहूलियत होगी।

कुतुबमीनार उन विश्व धरोहर में शामिल है, जहां पर्यटक जाना अधिक पसंद करते हैं। बच्चों के लिए तो यह सबसे पसंदीदा स्मारक है। यहां साल भर पर्यटकों के लिहाज से तथा स्मारक को मजबूती देने के लिए कुछ न कुछ काम चलता रहता है। कुछ साल पहले 72 मीटर ऊंची इस मीनार में हर मंजिल पर लोहे की मजबूत जाली लगाई गई हैं और दरवाजे ठीक किए गए हैं। जिससे अब मीनार के अंदर कबूतर आदि नहीें जा पाते हैं। 1980 में हुई भगदड़ के बाद से मीनार में पर्यटकों का प्रवेश बंद है, उसके बाद से इसे बाहर से ही देखा जा सकता है। पर्यटकों की सहूलियत के लिहाज से विगत वर्षों में स्मारक परिसर में पीने के लिए ठंडे पानी की उचित व्यवस्था की गई है। सार्वजनिक साधन की व्यवस्था बेहतर की गई है।

पर्यटकों की परेशानी को महसूस करते हुए अब इस समय स्मारक परिसर में तीन छोटे छोटे पुल बनाए जा रहे हैं। इसमें एक पुल मीनार के पास से सामने के भाग से कुतुब-इस्लाम मस्जिद में आने जाने के लिए होगा। दूसरे पुल से पर्यटक आयरन पिलर की ओर से कुतुबमीनार की ओर आ जा सकेंगे। तीसरा पुल इमाम जामिन गुंबद से अलाई दरवाजा को जोड़ेगा।

एएसआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि पुल के तल में चारों ओर कांच इसलिए लगाया गया है कि इससे इस पर चलकर पर्यटक आनंद लेंगे और पुल के नीचे के भाग में पत्थरों के जोड़ में कुछ खराबी हो रही होगी तो दिख जाएगी। जिससे उसे समय पर दूर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इन पुल का काम अब अंतिम चरण में है। अगले दस से 15 दिनों में पुल पर्यटकों को समर्पित कर दिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी