Bharat Bandh: सीमाओं पर चौकसी के चलते दिल्ली में प्रवेश के लिए भीषण जाम से जूझे लोग

Bharat Bandh News कृषि सुधार कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों द्वारा सोमवार को बुलाए गए भारत बंद के कारण दिल्ली पुलिस द्वारा एहतियात के तौर बंद की गईं राजधानी की कई सीमाओं और रास्तों के कारण लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 09:58 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 09:58 PM (IST)
Bharat Bandh: सीमाओं पर चौकसी के चलते दिल्ली में प्रवेश के लिए भीषण जाम से जूझे लोग
गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले मार्ग पर रजोकरी बॉर्डर के पास लगा जाम

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कृषि सुधार कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों द्वारा सोमवार को बुलाए गए भारत बंद के कारण दिल्ली पुलिस द्वारा एहतियात के तौर बंद की गईं राजधानी की कई सीमाओं और रास्तों के कारण लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। सुबह नौ बजे से गाजीपुर बार्डर, दिल्ली-गुरुग्राम बार्डर, चिल्ला बार्डर और डीएनडी सहित कई मार्गो पर वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जगह-जगह पुलिस द्वारा बैरीकेडिंग कर पुलिस द्वारा की जा रही जांच के कारण वाहन कई घंटे तक सड़कों पर रेंगते नजर आए।

वहीं, केएमपी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को भी प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया था। इससे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने वाले एनएच-9 और एनएच-24 पर भी भारी जाम की स्थिति रही।

इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से गाजियाबाद की ओर से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को सराय काले खां, अप्सरा बार्डर, भोपुरा बार्डर और विकास मार्ग से दिल्ली आने की सलाह दी गई थी। वहीं, नोएडा से दिल्ली जाने और आने के लिए वाहनों को डीएनडी की ओर डायवर्ट किया गया था। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा ट्विट कर उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद रोड से भी निकलने की सलाह दी गई थी। साथ ही बंद किए गए रास्तों और जाम की जानकारी भी यातायात पुलिस द्वारा ट्वीट कर दी जा रही थी। जिससे लोग उन रास्तों पर जाने से बच सकें।

वहीं, 26 जनवरी को लाल किले पर हुए उपद्रव की घटना से सबक लेते हुए पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। दिल्ली में प्रवेश करने वाले रास्तों पर बैरीकेड लगाकर पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए थे। वहीं, विशेष रूप से सीमा से लगे इलाकों में चौकियों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

वहीं, मध्य दिल्ली में यातायात सामान्य रहा। यहां, सुरक्षा के चलते लालकिले की ओर जाने वाले नेताजी सुभाष मार्ग को पुलिस द्वारा दोनों ओर से बैरीकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया था। साथ ही यहां पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को भी तैनात किया गया था। दिल्ली के अंदरूनी इलाकों में यातायात सामान्य रहा।

chat bot
आपका साथी