कुख्यात 'बड़े इकराम गिरोह' का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दिल्ली-NCR समेत पश्चिमी यूपी में दर्ज हैं कई मामले

डीसीपी क्राइम ब्रांच मोनिका भारद्वाज के मुताबिक आरिफ उर्फ परवेज उर्फ इकराम सिकंद्राबाद बुलंदशहर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। इसके पास से नाइन एमएम व प्वाइंट 32 बोर की दो पिस्टल व आठ कारतूस मिले। हथियार व कारतूस उसने मेरठ से खरीदी थी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:28 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:28 PM (IST)
कुख्यात 'बड़े इकराम गिरोह' का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दिल्ली-NCR समेत पश्चिमी यूपी में दर्ज हैं कई मामले
कुख्यात ईनामी बदमाश आरिफ मंगोलपुरी से गिरफ्तार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात बड़े इकराम गिरोह के बदमाश आरिफ को शुक्रवार रात मंगोलपुरी फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिम उत्तर प्रदेश के थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, चोरी व आम्र्स एक्ट के 22 मामले दर्ज हैं। वह नांगलोई में हुई हत्या के मामले में वांछित था। इसपर दिल्ली पुलिस की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम था। डीसीपी क्राइम ब्रांच मोनिका भारद्वाज के मुताबिक आरिफ उर्फ परवेज उर्फ इकराम, सिकंद्राबाद, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

इसके पास से नाइन एमएम व प्वाइंट 32 बोर की दो पिस्टल व आठ कारतूस मिले। हथियार व कारतूस उसने मेरठ से खरीदी थी। आरिफ व उसके परिवार का सिकंद्राबाद में पड़ोसी से झगड़ा चल रहा है।

1990 में कामिल चौधरी व उसके गिरोह के बदमाशों ने आरिफ व उसके गिरोह पर हमला बोल दिया था। घटना में आरिफ गिरोह द्वारा गोलियां चलाने से कामिल को गोली लग गई थी जबकि उसके साथी इरशाद की गोली लगने से मौत हो गई थी। कुछ समय बाद आरिफ ने कामिल की भी हत्या कर दी थी। उसके बाद आरिफ परिवार समेत सिकंद्राबाद छाेड़कर दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। यहां पहले उसने जामा मस्जिद इलाके में ढाबा खोला फिर प्रापर्टी डीलिंग व गाजीपुर मंडी में मीट का कारोबार शुरू कर दिया।

शुक्रवार को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरिफ मंगाेलपुरी फ्लाईओवर के पास आने वाला है। एसीपी राजेश कुमार व इंस्पेक्टर पंकज अरोड़ा के नेतृत्व में एसआइ संतोष कुमार, एएसआइ राजबीर सिंह, हवलदार घनश्याम, दीपक व संदीप की टीम ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में उसने बताया कि उसका गाजीपुर मंडी में मीट का कारोबार करने वाले सलीम से व्यवसायिक दुश्मनी है। 2019 में आरिफ ने पंजाबी बाग में सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उक्त मामले में पुलिस ने आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पैरोल पर बाहर आने के बाद वह पैरोल जंप कर फिर से आपराधिक वारदात करना शुरू कर दिया था।

इसी साल मार्च में उसने अपने बहनोई सलीम कुरैशी के साथ मिलकर नांगलोई में व्यापारिक प्रतिद्वंद्वी सलीम के सहयोगियों पर भी हमला किया जिसमें जाकिर की हत्या कर दी गई। घटना में सलीम कुरैशी भी मारा गया। गोलीबारी के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। जिसमें सलीम के सहयोगी रहीस को पुलिस ने पैर में गोली मार गिरफ्तार कर लिया था।

chat bot
आपका साथी