दिल्ली में बढ़े डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के नए मामले, 10 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

राजधानी में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि बीते एक सप्ताह में डेंगू के 34 मरीज सामने आए हैं जबकि मलेरिया और चिकनगुनिया के 19 नए मरीजों की पुष्टि हुई है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 07:02 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 07:56 AM (IST)
दिल्ली में बढ़े डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के नए मामले, 10 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
दिल्ली में डेंगू के 34 तो मलेरिया-चिकनगुनिया के 19 मामले दर्ज

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि बीते एक सप्ताह में डेंगू के 34 मरीज सामने आए हैं जबकि मलेरिया और चिकनगुनिया के 19 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। डेंगू के 34 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 158 हो गया है। इसी तरह मलेरिया के 11 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों की संख्या 68 तो चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 40 हो गई है।

निगम की रिपोर्ट के अनुसार बीते एक सप्ताह में डेंगू के सर्वाधिक मरीज उत्तरी निगम क्षेत्र से सामने आए हैं। यहां नौ नए मरीजों की पुष्टि हुई है। दूसरे स्थान पर दक्षिणी निगम क्षेत्र में आठ तो छह मरीजों की पुष्टि पूर्वी निगम क्षेत्र से हुई है। 11 मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है।

इसी तरह मलेरिया के 11 नए मरीजों में से दो मरीज उत्तरी निगम क्षेत्र से हैं। एक-एक मरीज दक्षिणी, पूर्वी निगम और दिल्ली कैंट क्षेत्र से है। जबकि छह मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है। चिकनगुनिया के आठ नए मरीजों में से चार मरीज उत्तरी निगम क्षेत्र से हैं तो एक मरीज नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) इलाके से हैं। जबकि तीन मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है।

निगम के अनुसार मच्छरजनित बीमारियों पर काबू पाने के लिए लगातार जागरुकता अभियान चल रहा है। इतना नहीं घर-घर जाकर डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) जांच कर रहे हैं। अब तक उत्तरी, पूर्वी व दक्षिणी निगम क्षेत्र में एक करोड़ 81 लाख से अधिक बार जांच की जा चुकी है। एक लाख 30 हजार 905 घरों में मच्छरों के प्रजनन की पुष्टि हुई है। जबकि 88 हजार लोगों को कानूनी नोटिस भेजा गया है। दस हजार 966 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

chat bot
आपका साथी