Oxygen Crisis in Delhi: पानीपत में रोका गया ऑक्सीजन का ट्रक, अरविंद केजरीवाल ने मांगी हरियाणा के सीएम से मदद

Oxygen Crisis in Delhi अपोलो अस्पताल की अधिकारी संगीता रेड्डी ने ट्वीट किया कि पानीपत संयंत्र के गेट के बाहर एक आक्सीजन टैंकर है और उसे अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस इसे रोक रही है और ऑक्सीजन को हरियाणा से बाहर नहीं जाने दे रही है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 07:41 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 07:41 AM (IST)
Oxygen Crisis in Delhi: पानीपत में रोका गया ऑक्सीजन का ट्रक, अरविंद केजरीवाल ने मांगी हरियाणा के सीएम से मदद
सीएम अरविंद केजरीवाल के आग्रह के बाद हरियाणा के सीएम ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है।

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। दिल्ली में जरूरी दवाओं से लेकर ऑक्सीजन की भारी कमी है। राज्यों में ऑक्सीजन को लेकर मारामारी है। इस बीच हरियाणा के पानीपत में ऑक्सीजन से भरे ट्रकों को रोके जाने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और पड़ोसी राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मदद मांगी। सीएम केजरीवाल के आग्रह के बाद हरियाणा के सीएम ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है। खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी दी। दरअसल, अपोलो अस्पताल की अधिकारी संगीता रेड्डी ने गुरुवार को ट्वीट किया कि पानीपत संयंत्र के गेट के बाहर एक आक्सीजन टैंकर है और उसे अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस इसे रोक रही है और ऑक्सीजन को हरियाणा से बाहर नहीं जाने दे रही है।

इसके बाद केजरीवाल ने संगीता रेड्डी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि मैं केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से आग्रह करता हूं कि कृपया आक्सीजन वाहनों को सुगम मार्ग प्रदान करें। इसके बाद उन्होंने एक अन्य ट्वीट में बताया कि मैंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात की है।

उन्होंने हरियाणा से दिल्ली तक आक्सीजन ट्रकों के परिवहन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। इसी तरह ऑक्सीजन के लिए अरविंद केजरीवाल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात की। अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट के माध्यम से बताया कि पटनायक ने सहयोग का पूरा भरोसा दिया है।

आखिर दिल्ली के हिस्से की ऑक्सीजन दूसरे राज्य क्यों रोक रहे

प्रेसवार्ता करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आक्सीजन नहीं बनती है। सारी आक्सीजन दूसरे राज्यों से आती है। ऑक्सीजन के प्लांट जिन राज्यों में हैं, उनमें से कुछ राज्य सरकारों ने उन कंपनियों से दिल्ली के कोटे की  ऑक्सीजन भेजनी रोक दी है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्यों ने कहा है कि दिल्ली का कोटा भी हम इस्तेमाल करेंगे, दिल्ली के ट्रक नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि यह ठीक नहीं है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली का कोटा निर्धारित किया है तो राज्य क्यों रोक रहे हैं। मैं केंद्र सरकार और दिल्ली हाईकोर्ट का शुक्रिया करना चाहता हूं। पिछले दो-तीन दिन में उन्होंने हमारी बहुत मदद की है जिसकी वजह से अब ऑक्सीजन दिल्ली पहुंचने लगी है।

अगर इस वक्त बंटे तो भारत नहीं बचेगा

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि हमारा ऑक्सीजन का जो कोटा बढ़ा है। उसमें काफी ऑक्सीजन ओडिशा से आनी है। बढ़े हुए कोटे की  ऑक्सीजन को दिल्ली पहुंचने में बहुत समय लग सकता है। हम कोशिश कर रहे हैं कि हवाई जहाज से  ऑक्सीजन लाई जा सके। उन्होंने सभी राज्यों से अपील करते हुए कहा कि ये बहुत बड़ी आपदा है, अगर इसमें हम हरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल में बंट गए तो भारत नहीं बचेगा। इस वक्त हमें एक-दूसरे की मदद करनी है। अगर दिल्ली में जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन होगी तो हम दूसरे राज्यों को देंगे। कोई और मदद करनी होगी तो वह भी करेंगे। सभी को मिलकर काम करना है।

chat bot
आपका साथी