आनंद विहार फ्लाइओवर पर दो कारों में टक्‍कर के बाद लगी आग, जिंदा जले तीन लोग

आनंद विहार फ्लाइओवर पर बुधवार शाम अचानक बड़ा हादसा हो गया। दो कारों के बीच जबरदस्‍त भिड़ंत हो गई। इसके बाद दोनों कारों में आग लग गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 23 Jan 2019 09:09 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jan 2019 07:44 AM (IST)
आनंद विहार फ्लाइओवर पर दो कारों में टक्‍कर के बाद लगी आग, जिंदा जले तीन लोग
आनंद विहार फ्लाइओवर पर दो कारों में टक्‍कर के बाद लगी आग, जिंदा जले तीन लोग

नई दिल्‍ली, जेएनएन। आनंद विहार फ्लाईओवर पर बुधवार शाम रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। एक तेजरफ्तार इको स्पो‌र्ट्स कार अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ से गुजर रही ओमनी वैन में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पलक झपकते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। दोनों वाहनों में पांच लोग सवार थे, इनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

ये तीनों जख्मी होने के साथ जल भी गए थे। मृतकों की पहचान मुस्तफाबाद निवासी शमशाद (30), अब्दुल (28) और कृष्णा नगर निवासी गर्व सहगल (30) के रूप में हुई है। वहीं घायल इमरान (28) को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और अक्षय जैन (21) को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में रखवा दिया है। शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रोड नंबर-57 स्थित फ्लाईओवर पर बुधवार शाम करीब 6:15 बजे हुआ। मुस्तफाबाद निवासी इमरान दो साथियों शमशाद और अब्दुल के साथ ओमनी वैन से आनंद विहार बस अड्डे आ रहे थे। यहां पर उन्हें कंप्यूटर हार्डवेयर का सामान किसी को देना था। जैसे ही उनकी कार फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी आनंद विहार बस अड्डे की तरफ से एक तेजरफ्तार इको स्पो‌र्ट्स कार डिवाइडर पार कर ओमनी वैन से जा टकराई। इको स्पो‌र्ट्स कार में गर्व सहगल और विवेक विहार निवासी अक्षय जैन थे। ये दोनों विवेक विहार की तरफ जा रहे थे। टक्कर लगने के साथ ही आग लग गई।

राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते इमरान और अक्षय जैन वाहन से बाहर आ गए थे। वहीं शमशाद की मौके पर ही मौत हो गई। गर्व और अब्दुल ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा। मरने वाले तीनों युवक टक्कर लगने के कारण जख्मी होने के साथ जल भी गए थे। इस आग में दोनों कारें भी जलकर राख हो गई। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है। आनंद विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी