AAP ने लगाया भाजपा की महिला पार्षद के जेठ पर बिल्डर से पैसे मांगने का आरोप, मचा हड़कंप

आरोपों पर न्यू अशोक नगर की निगम पार्षद रजनी पांडेय के जेठ निशांत पांडेय का कहना है कि AAP नेता दुर्गेश पाठक ने जो ऑडियो जारी किया है उसमें मेरी आवाज नहीं है।

By JP YadavEdited By: Publish:Mon, 10 Aug 2020 02:00 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 02:00 PM (IST)
AAP ने लगाया भाजपा की महिला पार्षद के जेठ पर बिल्डर से पैसे मांगने का आरोप, मचा हड़कंप
AAP ने लगाया भाजपा की महिला पार्षद के जेठ पर बिल्डर से पैसे मांगने का आरोप, मचा हड़कंप

नई दिल्ली [वीके शुक्ला/सुधीर कुमार]। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने तीनों नगर निगमों (उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी) में काबिज भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। AAP के वरिष्ठ नेता और नगर निगमों के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने पत्रकार वार्ता कर एक ऑडियो सुनाया है। इस ऑडियो में न्यू अशोक नगर के वार्ड 4 ई से भाजपा की महिला निगम पार्षद के जेठ निशांत पांडेय की आवाज होने का दावा किया गया है। इस ऑडियो में वह एक बिल्डर से अवैध निर्माण के लिए सौदा कर रहा है। इस पर अभी भाजपा पार्षद का पक्ष नहीं मिला है, इसी के साथ दैनिक जागरण ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं करता है। यह आरोप AAP नेता दुर्गेश पाठक का है। 

वहीं, आरोपों पर न्यू अशोक नगर की निगम पार्षद रजनी पांडेय के जेठ निशांत पांडेय का कहना है कि AAP नेता दुर्गेश पाठक ने जो ऑडियो जारी किया है उसमें मेरी आवाज नहीं है। सैंपल लेकर कहीं भी जांच करवाई जा सकती है। उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत यह सब किया गया है। कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के विधायक रोहित मेहरोलिया के लोगों ने उनसे रंगदारी मांगी थी, यह कहा था कि तुम्हारे इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हो रहे हैं, इसमें मुझे भी हिस्सा दो। मैंने स्पष्ट रूप से यह कह दिया था कि अवैध निर्माण से मेरा कोई वास्ता नहीं है। इस पर पर मेहरोलिया के लोगों ने बदनाम करने की धमकी दी थी। यह उसी का परिणाम है। निशात पांडेय का यह भी कहना है कि जिस बिल्डर की फोटो दिखाई जा रही है उसे मैं जानता भी नहीं हूं। मैं इस मामले में पुलिस में शिकायत देने जा रहा हूं साथ ही मानहानि का मामला भी दायर करने जा रहा हूं। मैं हर तरह की जांच के लिए तैयार हूं।

रोहित मेहरोलिया (विधायक) ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि जैसे हम सबूत लेकर आए हैं उसी तरह का सुबूत लेकर वह आएं। यह तो खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली स्थिति हो गई। मुझ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार है। पार्षद के जेठ अब पूरी तरह से फंस चुके हैं। इस पूरे प्रकरण की गंभीर जांच जरूरी है। अब वह जवाब दें कि इस तरह से लोगों को क्यों सता रहे हैं। मामले की गंभीर जांच जरूरी है। उनसे यह भी पूछा जाए वह डासना जेल में कई महीनों तक क्यों बंद रहे थे?

रजनी पांडेय (पार्षद, न्यू अशोक नगर वार्ड) का कहना है कि वो मेरे जेठ की आवाज है ही नहीं, इसे किसी भी एजेंसी से चेक करवा लिया जाए। यह आम आदमी पार्टी की उन्हें बदनाम करने की साजिश है। आम आदमी पार्टी के नेता उनके वार्ड क्षेत्र में भ्रष्टाचार करना चाहते थे लेकिन उन्हेें रोक दिया गया। जिससे वह खुन्नस निकाल रहे हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी