ऑक्सीजन मास्क लगाकर 'लव यू जिंदगी' गाने पर थिरकने वाली युवती की कोरोना वायरस से मौत
ऑक्सीजन मास्क लगाकर लव यू जिंदगी गाने पर थिरकने वाली 30 वर्षीय कोरोना मरीज की बृहस्पतिवार को रात नौ बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। इस बात की जानकारी मरीज का इलाज कर रहीं डॉक्टर मोनिका लंगेह ने ट्वीट कर दी है।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की दर तेजी से गिरी है, लेकिन मौतों का आंकड़ा चिंताजनक बना हुआ है। इस बीच ऑक्सीजन मास्क लगाकर 'लव यू जिंदगी' गाने पर थिरकने वाली 30 वर्षीय कोरोना मरीज की बृहस्पतिवार को रात नौ बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। इस बात की जानकारी मरीज का इलाज कर रहीं डॉक्टर मोनिका लंगेह ने ट्वीट कर दी है।
उन्होंने ट्वीट में लिखा है- 'मुझे बहुत दु:ख है। हमने बहादुर लड़की को खो दिया है। ओम शांति। कृपया उसके परिवार के लिए प्रार्थना करें कि वे इस दु:ख को सह सकें।' उन्होंने ट्वीट कर मीडिया से इस बारे में खुद से बात करने के लिए भी मना किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते इस मरीज का वीडियो डॉ मोनिका ने ट्विटर पर शेयर किया था। उन्होंने लिखा था कि इस लड़की की इच्छाशक्ति बेहद मजबूत है। उन्होंने आगे लिखा कि अस्पताल में आइसीयू बेड नहीं मिल पाया था। इसलिए वो 10 दिन से कोविड एमरजेंसी वार्ड में भर्ती थी। उसे एनआइवी सपोर्ट पर रखा गया था। इसके अलावा उसे रेमडेसिविर इंजेक्शन और प्लाज्मा थेरेपी भी दी जा रही थी।
We Will Win This! ❤️🔥
Courtesy : @drmonika_langeh pic.twitter.com/BxXMYn5NQ5
— Stay Home, Stay Safe.😷 🙏🏻 (@RVCJ_FB) May 12, 2021
उसने आज मुझसे गाना चलाने के लिए कहा, जिसे मैंने मान लिया। इससे सीख मिली कि कभी हिम्मत का साथ मत छोड़ो। इसके बाद चार दिन पहले डाक्टर मोनिका ने फिर से ट्वीट कर बताया था कि उसे आइसीयू बेड मिल गया है। उसकी हालत स्थिर है। कृपया बहादुर लड़की के लिए प्रार्थना कीजिए। कभी-कभी मैं अपने आपको असहाय महसूस करती हूं। सब कुछ भगवान के हाथ में है। हम जैसा प्लान करते हैं, सोचते हैं हमारे हाथ में कुछ नहीं है। कृपया प्रार्थना करें।