विश्व बैंक की अधिकारी के घर चोरी करने वाला मेरठ से गिरफ्तार

विश्व बैंक की अधिकारी श्रुति नारायण के घर पर इसी महीने की छह सितंबर की रात चोरी हुई। हौजखास थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपित को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया।

By JP YadavEdited By: Publish:Tue, 22 Sep 2020 12:20 PM (IST) Updated:Tue, 22 Sep 2020 12:20 PM (IST)
विश्व बैंक की अधिकारी के घर चोरी करने वाला मेरठ से गिरफ्तार
मेरठ से गिरफ्तार चोर की फाइल फोटो।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। विश्व बैंक की महिला अधिकारी के घर चोरी करने वाले आरोपित को हौजखास थाना पुलिस ने रविवार को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान गाजियाबाद के पटेल नगर निवासी अश्विनी कुमार के रूप में हुई है। उससे पुलिस ने चोरी के मोबाइल, जूते और 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। उस पर चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।

दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि विश्व बैंक की अधिकारी श्रुति नारायण ने सात सितंबर को ऑनलाइन एफआइआर दर्ज कराते हुए कहा कि उनके घर में छह सितंबर की रात चोरी हुई। हौजखास थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़ित जिस मकान में रहती हैं उसमें सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं। ऐसे में पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। जांच में पुलिस टीम को देर रात एक संदिग्ध को कॉलोनी में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान की और साथ ही चोरी किए गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। इसकी मदद से पुलिस मेरठ में ठहरे आरोपित तक पहुंच गई।

आरोपित अश्विनी कुमार ने बताया कि हर बार वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए वह मेरठ भाग जाता था। इसके लिए उसने मेरठ में किराये का कमरा ले रखा था। अश्विनी की गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी के दो अन्य मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी