दिल्ली में नगर निगम चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों को मिली खुशखबरी, 88 लोग किए गए नियमित

उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने 88 सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया है। स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगी राम जैन और नेता सदन छैल बिहारी गोस्वामी की मौजूदगी में कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:59 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:59 AM (IST)
दिल्ली में नगर निगम चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों को मिली खुशखबरी, 88 लोग किए गए नियमित
नियमित किए जा रहे हैं सफाई कर्मचारी

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने 88 सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया है। स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगी राम जैन और नेता सदन छैल बिहारी गोस्वामी की मौजूदगी में कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। राजा इकबाल सिंह ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारियों को किए वादों को पूरा कर रही है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। जब तक कि सभी बचे हुए सफाई कर्मचारी नियमित नहीं हो जाते। उन्होंने निगमायुक्त द्वारा सफाई कर्मचारियों को नियमित किए जाने के कार्य में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारी निगम की रीड की हड्डी है और इन से ही उत्तरी दिल्ली नगर निगम की पहचान है। उन्होंने बताया कि कोरोना जब पीक पर था, तब भी सफाई कर्मचारी अपनी जान की फिक्र किए बिना अपने दायित्चों का निर्वाह कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को 21 सफाई कर्मचारियों को नियमितीकरण पत्र जारी कर यह प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी और इस क्रम में आज 88 सफाई कर्मचारियों को नियमितीकरण पत्र जारी कर दिए है।

शिक्षकों और प्राधानाचार्यों के स्थानांतरण की आनलाइन प्रक्रिया शुरू

वहीं, उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता लाने के लिए शिक्षकों और प्राधानाचार्यों के स्थानांतरण की आनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई है। इसका शुभारंभ महापौर राजा इकबाल सिंह ने निगम मुख्यालय, डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में किया। इस अवसर पर शिक्षा समिति के अध्यक्ष आलोक शर्मा, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष सूरजीत ठाकुर, शिक्षा निदेशक रंजीत सिंह और निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग की इस पहल से पारदर्शिता बढ़ेगी और शिक्षकों को स्थानांतरण के लिए इधर-उधर नहीं घूमना पड़ेगा। इस पहले से स्थानांतरण में मानवीय दखल कम होगा।

आलोक शर्मा ने बताया कि इस आनलाइन स्थानांतरण माड्यूल द्वारा शिक्षकों के स्थानांतरण प्रक्रिया को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत बनाया गया है। इसमें शिक्षक बायोमीट्रिक आइडी के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर अपनी प्राथमिकता के मुताबिक अधिकतम पांच स्कूलों का चयन कर सकेंगे। साथ ही विभिन्न स्कूलों में रिक्त पदों को भी आनलाइन देखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रार्थना पत्र संबंधित अध्यापकों से अतिशीघ्र आमंत्रित किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी