Seemapuri Fire: शहनाई बजने से पहले ही घर में छाया मातम, परिवार में अकेले बचे अक्षय ने बयां किया दर्द

अक्षय ने बताया कि घर के पास ही एक दुकान थी। मां रीना दोपहर दो बजे तक नगर निगम में ड्यूटी करती थीं। इसके बाद वह दुकान पर बैठ जाती थीं। बीच में जब वह घर आती थीं तो रोहिणी ही दुकान संभालती थी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 12:49 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 12:49 PM (IST)
Seemapuri Fire: शहनाई बजने से पहले ही घर में छाया मातम, परिवार में अकेले बचे अक्षय ने बयां किया दर्द
शहनाई बजने से पहले ही घर में छाया मातम, उजड़ गया परिवार

नई दिल्ली [पुष्पेंद्र कुमार]। सीमापुरी इलाके में जिस घर में शहनाई बजने वाली थी वहां अब मातम पसरा हुआ है। होरीलाल अपने बड़े बेटे आशु की शादी करने जा रहे थे। परिवार तैयारियों में जुटा था। रिश्तेदारों में शादी के कार्ड तक बंट चुके थे। आशु की बारात महिपालपुर जानी थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। आग ने पूरा परिवार उजाड़ दिया। घर में विलाप के लिए बचा सिर्फ अक्षय। होरीलाल के छोटे बेटे अक्षय ने बताया कि दीवाली के बाद बड़े भैया आशु की शादी थी। घर में पहली शादी थी। पूरा परिवार तैयारियों में लगा हुआ था। दूर रहने वाले रिश्तेदारों को शादी के कार्ड भेजे जा चुके थे।

अगले हफ्ते कालोनी के लोगों को कार्ड दिए जाने थे। शादी के लिए नए कपड़े व अन्य सामान की खरीदारी कर ली गई थी। बस शादी के शुभ दिन का इंतजार था। लेकिन, परिवार की खुशियां को न जाने किस की नजर लग गई।

आग में माता-पिता और भाई के साथ जान गंवाने वाली रोहिणी पढ़ाई के साथ दुकान भी संभालती थी। सीमापुरी स्थित सवरेदय कन्या विद्यालय में पढ़ाई कर रही रोहिणी दोनों भाइयों से छोटी थी। अक्षय ने बताया कि घर के पास ही एक दुकान थी। मां रीना दोपहर दो बजे तक नगर निगम में ड्यूटी करती थीं। इसके बाद वह दुकान पर बैठ जाती थीं। बीच में जब वह घर आती थीं तो रोहिणी ही दुकान संभालती थी। अक्षय ने बताया कि परिवार में सभी लोग रोहिणी को प्यार करते थे, लेकिन वह मां रीना की सबसे ज्यादा प्यारी थी।

पहले भी हो चुकी हैं आग लगने की घटनाएं

6 अक्टूबर 2021: आनंद पर्वत क्षेत्र स्थित एक घर में आग लगने से मां और जुड़वा बच्चों की मौत।

30 जून 2021: फर्श बाजार इलाके में गैस रिसाव से घर में आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत।

7 दिसंबर 2019 : पुरानी दिल्ली स्थित अनाज मंडी में एक फैक्ट्री में आग लगने से 43 की मौत।

13 जुलाई 2019: ङिालमिल औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में आग लगने से तीन की मौत।

12 फरवरी 2019: करोलबाग के अर्पित पैलेस होटल में आग लगने से 17 लोगों की जान गई।

chat bot
आपका साथी