Coronavirus: उत्तमनगर-जनकपुरी में सामने आए 2 पीड़ित, दोनों के स्वजन घर में आइसोलेट

Coronavirus प्रशासन के मुताबिक दोनों शख्स हाल में ही विदेश से लौटे हैं। दोनों को सफदरजंग के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है।

By JP YadavEdited By: Publish:Sat, 07 Mar 2020 08:49 AM (IST) Updated:Sat, 07 Mar 2020 08:49 AM (IST)
Coronavirus: उत्तमनगर-जनकपुरी में सामने आए 2 पीड़ित, दोनों के स्वजन घर में आइसोलेट
Coronavirus: उत्तमनगर-जनकपुरी में सामने आए 2 पीड़ित, दोनों के स्वजन घर में आइसोलेट

नई दिल्ली [मनीषा गर्ग]। Coronavirus: पश्चिमी दिल्ली में जनकपुरी के बाद उत्तम नगर में भी कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित एक मरीज का मामला सामने आया है। प्रशासन के मुताबिक, दोनों शख्स हाल में ही विदेश से लौटे हैं। दोनों को सफदरजंग के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। उनके स्वजनों को घर में ही आइसोलेट किया गया है। साथ ही जांच के लिए सभी के खून के नमूने लेकर पुणो भेजा गया है। जनकपुरी निवासी व्यक्ति इटली व उत्तम नगर निवासी थाइलैंड व मलेशिया गए थे।

जिला उपायुक्त राहुल सिंह ने बताया कि दोनों संक्रमित लोगों से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वे विदेश से लौटने के बाद किन-किन लोगों के संपर्क में आए थे। उत्तम नगर निवासी कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज की पत्नी, भाई, माता-पिता, दो बच्चे व एक अन्य रिश्तेदार को घर में आइसोलेट किया गया है।

इसके अलावा जनकपुर निवासी के परिजनों को भी घर में ही रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में पीड़ितों की संख्या हुआ 11

सफदरजंग अस्पताल में दिल्ली निवासी नए मरीज में कोरोना वायरस के संक्रमण से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही यहां भर्ती कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या 11 हो गई है, जिनमें दिल्ली के तीन और नोएडा का एक और गाजियाबाद का एक मरीज है।

सफदरजंग में भर्ती तीन मरीज उत्तम नगर, मयूर विहार व जनकपुरी के रहने वाले हैं। अस्पताल के अनुसार, इन सभी मरीजों की हालत स्थिर है। सफदरजंग व आरएमएल अस्पताल में 19 संदिग्ध मरीज भी भर्ती हैं।

सफदरजंग अस्पताल में कोरोना पीड़ित मरीजों के अलावा आइसोलेशन वार्ड में 11 संदिग्ध मरीज भी भर्ती हैं। इनमें कोरोना वायरस के संक्रमण से मिलते जुलते लक्षण हैं। इस तरह सफदरजंग अस्पताल में कुल 22 मरीज भर्ती हैं। राहत की बात यह है कि संदिग्ध मरीजों में से सात मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। चार मरीजों की रिपोर्ट का डॉक्टरों को इंतजार है। वहीं आरएमएल अस्पताल में आठ संदिग्ध मरीज भर्ती है। एक मरीज को शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई।

अब तक दो हजार सैंपल की जांच

दिल्ली में अब तक दो हजार संभावित संक्रमित व्यक्तियों के सैंपल की जांच की गई है। यह जांच एम्स व राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र की लैब में की गई है। आरएमएल अस्पताल में संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अस्पताल से 274 मरीजों के सैंपल भेजे गए हैं।

हर अस्पताल में बनाए जाएं आइसोलेशन वार्ड: राहुल सिंह

जिला उपायुक्त राहुल सिंह ने जिले के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों के साथ बैठक कर कोरोना पर चर्चा की। इसमें जाफरपुर कलां स्थित राव तुलाराम मेमोरियल अस्पताल, द्वारका सेक्टर-6 स्थित मनीपाल अस्पताल, द्वारका सेक्टर-18बी वेंकटेश्वर अस्पताल, द्वारका सेक्टर-10 आयुष्मान अस्पताल व द्वारका सेक्टर-3 का आकाश अस्पताल आदि शामिल है। उन्होंने सभी को हिदायत दी है कि वे दस फीसद बेड को आइसोलेशन वार्ड के लिए आरक्षित करें।

18 के बाद से ऑफिस नहीं आ रहा था कोरोना पीड़ित

उत्तम नगर निवासी कोरोना पीड़ित एसआर ग्रुप के गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित कार्यालय में कार्यरत है। सिविल सर्जन डॉ. जसवंत सिंह पूनिया ने बताया कि पीड़ित सात फरवरी को थाईलैंड व मलेशिया घूमने गया था। 17 फरवरी को लौटा था और 18 फरवरी को गुरुग्राम कार्यालय आया था। इसके बाद वह कार्यालय नहीं आ रहा था। शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग के पास एम्स से मिली रिपोर्ट से पता चला है कि वह कोरोना वायरस से ग्रस्त है।

chat bot
आपका साथी