भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली की झुग्गी बस्ती में गुजारी रात

मनोज तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का सपना तभी साकार होगा जब ऐसी बस्तियों में रहने वाले लोग देश की विकास की धारा के साथ जुड़ जाएंगे।

By Edited By: Publish:Tue, 11 Dec 2018 09:53 PM (IST) Updated:Wed, 12 Dec 2018 02:33 PM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली की झुग्गी बस्ती में गुजारी रात
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली की झुग्गी बस्ती में गुजारी रात

नई दिल्ली, जेएनएन। झुग्गी बस्तियों में भाजपा का जनाधार मजबूत करने के लिए दिल्ली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने एक बार फिर झुग्गी वालों के बीच रात गुजारने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत उन्होंने तिमारपुर के इंदिरा कैंप से की है। सोमवार की रात इस झुग्गी बस्ती में जाकर लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र निदान का भरोसा दिया। उन्हें केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने भाजपा के बूथ प्रमुख को सम्मानित भी किया। लोगों ने पीने का पानी, बिजली के बढ़ते बिल और कानून व्यवस्था से संबंधित समस्याएं हल करने की मांग की।

उन्होंने बस्ती में स्थित मंदिर व पार्क की दशा सुधारने की भी मांग की। तिवारी ने पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। अन्य समस्याओं के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखकर समाधान का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि झुग्गियों से राजनीति शुरू करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब उन्हें भूल गए हैं। आम आदमी के सहारे सत्ता हासिल करने के बाद इनकी समस्याएं हल करने के लिए इस सरकार ने कुछ नहीं किया। इंदिरा कैंप में पीने का पानी तो नहीं है, लेकिन बस्ती के नजदीक शराब के दो ठेके खोल दिए गए हैं। लोगों के घरों में बढ़े हुए बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से इस बस्ती की दशा सुधारने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का सपना तभी साकार होगा जब ऐसी बस्तियों में रहने वाले लोग देश की विकास की धारा के साथ जुड़ जाएंगे। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं को इनकी दशा सुधारने के लिए काम करना चाहिए। इस दौरान तिवारी के साथ जिला अध्यक्ष अजय महावर, पूर्वाचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी