प्रदूषण फैलाने वालों पर पूर्वी निगम सख्त

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को रोकने के लिए राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) लागू होने के बाद पूर्वी नगर निगम ने कमर कस ली है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 10:24 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 10:24 PM (IST)
प्रदूषण फैलाने वालों पर पूर्वी निगम सख्त
प्रदूषण फैलाने वालों पर पूर्वी निगम सख्त

स्वदेश कुमार, पूर्वी दिल्ली :

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को रोकने के लिए राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) लागू होने के बाद पूर्वी नगर निगम ने कमर कस ली है। प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के साथ इसे रोकने के लिए संसाधन भी मैदान में झोंक दिए गए हैं। पहली बार ऐसा हुआ है कि पूर्वी निगम के अधिकारी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। यही वजह है कि पिछले 15 दिनों में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ 1859 चालान काटे जा चुके हैं। इस तरह से औसतन प्रतिदिन सौ से अधिक चालान कट रहे हैं। यही नहीं पूर्वी निगम ने इन पर अब तक 90 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ छह लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है।

पूर्वी नगर निगम से मिले आंकड़ों के मुताबिक 17 अक्टूबर से यहां कार्रवाई शुरू की गई। शनिवार तक कुल 1859 चालान काटे जा चुके हैं। इनमें खुले में कूड़ा डालने पर 1,084 और आग लगाने पर 73 चालान किए गए। इसके अलावा निर्माण सामग्री खुले में डालने पर 223 और निर्माण स्थल पर धूल उड़ने को लेकर 327 चालान काटे गए। साथ ही खुले में तंदूर जलाने पर 192 चालान हुए हैं। निगम अधिकारियों के मुताबिक जहां भी तंदूर जलते हुए पाए गए, उन्हें तोड़ दिया गया। इसके साथ चालान भी किया गया। कुल 90,85,800 रुपये का चालान जारी हो चुका है। इसमें से 6,58,850 रुपये जुर्माने के तौर पर निगम के पास आ चुके हैं। बाकी की वसूली भी जारी है। प्रतिदिन की कार्रवाई की समीक्षा निगमायुक्त डॉ. दिलराज कौर और महापौर निर्मल जैन खुद कर रहे हैं। महापौर ने बताया कि प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर भी सख्ती दिखाई गई है। कुल 101 टीमों ने इनका निरीक्षण किया है। चालान के साथ 171 इकाइयों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। 15 इकाइयों को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों हॉटस्पॉट आनंद विहार, विवेक विहार और मंडोली में 24 घंटे के लिए तीन टीमें ड्यूटी पर रहती हैं। एक टीम में दो इंजीनियर शामिल रहते हैं। कुल 30 टीमें पूर्वी निगम क्षेत्र में निगरानी के लिए लगाई गई हैं। इसके साथ प्रदूषण की रोकथाम के लिए भी सभी संसाधन मैदान में उतार दिए गए हैं। सड़कों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए दस दस मैकेनिकल स्वीपिग मशीनें काम पर लगी हुई है। इसके साथ 45 स्प्रिंकलर और तीन एंटी स्मॉग गन हवा में धूल को रोक रहे हैं। पेड़ों पर जमी धूल की परत को इन मशीनों के जरिये साफ किया जा रहा है। कार्रवाई का ब्योरा कुल चालान जुर्माना राशि वसूली रकम

1859 90,85,800 6,58,850 प्रदूषण रोकने के लिए लगाए गए संसाधन

मैकेनिकल स्वीपिग मशीनें 10 स्प्रिंकलर मशीनें 45

एंटी स्मॉग गन 03

chat bot
आपका साथी