ध्वजारोहण कर लोगों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा

जागरण संवाददाता बाहरी दिल्ली देश के 72वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जगह-जगह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 05:31 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 05:31 PM (IST)
ध्वजारोहण कर लोगों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा
ध्वजारोहण कर लोगों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : देश के 72वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इलाके के कई स्कूलों, सरकारी दफ्तरों व सामाजिक संस्थानों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देश के गणतंत्र दिवस को उत्साह के साथ मनाया गया। कोरोना काल से जूझने के बाद राष्ट्रपर्व को लेकर लोगों में उत्साह खूब रहा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भी देशभक्ति के जज्बे के साथ लोगों ने इसे धूमधाम से मनाया। देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक आयोजनों के बीच पूरे दिन उत्साह और उल्लास का माहौल देखा गया। इस दौरान बाहरी दिल्ली के प्रमुख बाजारों, मॉल व सार्वजनिक स्थानों पर भी गणतंत्र दिवस की सजावट खूबसूरती से की गई। बुजुर्गो ने भी मनाया गणतंत्र दिवस : सुल्तानपुरी के एफ-7 ब्लॉक में डीएवी वृद्ध मनोरंजन केंद्र में बुजुर्गो ने 72वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। समाज कल्याण विभाग दिल्ली सरकार के सहयोग से संचालित इस केंद्र में दर्जनों की संख्या में वृद्धजनों ने हाथ में तिरंगा लेकर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। आयुर्वेदिक अस्पताल में किया ध्वजारोहण : प्रशांत विहार स्थित आयुर्वेदिक पंचकर्मा अस्पताल में सोमवार को 72वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी पाराशर ने ध्वजारोहण कर अस्पताल कर्मियों और उपस्थित मरीजों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के माध्यम से ही गणतंत्र की भावना को सार्थक किया जा सकता है। चूंकि स्वस्थ नागरिक ही देश की उत्पादकता में भागीदार सिद्ध हो सकते हैं, इसलिए किसी भी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हेतु प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना होगा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद का उद्देश्य है रोगी को स्वस्थ करना और स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य को बनाए रखना, इसीलिए देश को आत्मनिर्भर बनाने में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्कूली छात्रों ने किया वीर सेनानियों को नमन : रोहिणी सेक्टर 6 स्थित विद्या जैन पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोरोना को लेकर दिशानिर्देशों का बेहतर तरीके से पालन करते हुए इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र की निगम पार्षद कनिका संदीप जैन व स्कूल की प्रिसिपल अलका साहनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। देशभक्ति से ओतप्रोत होकर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ राष्ट्रगान गाया। इसके अलावा नृत्य प्रस्तुति व मधुर सुरों में देशभक्ति गीत गाए। इस मौके पर संविधान में देश के नागरिकों के मूलभूत अधिकार व कर्तव्यों पर आधारित विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति को देखकर स्कूल का सभागार तालियों से गूंज उठा। इसके साथ ही देश की समृद्ध संस्कृति और विविधता को प्रदर्शित करती नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

chat bot
आपका साथी