रात में फैक्ट्री चलाने से मना करने पर तीन को गोली मारी

रिहायशी इलाके में रात के समय फैक्ट्री चलाने से मना करना दो भाईयों पर भारी पड़ गया। पड़ोसी ने दोनों सगे भाइयों समेत उनके एक कर्मचारी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। दोनों भाइयों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। मामला जाफराबाद इलाके का है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज बरामद किया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Sep 2018 11:14 PM (IST) Updated:Tue, 18 Sep 2018 11:14 PM (IST)
रात में फैक्ट्री चलाने से मना करने पर तीन को गोली मारी
रात में फैक्ट्री चलाने से मना करने पर तीन को गोली मारी

वारदात

- जाफराबाद इलाके की घटना, अवैध हथियार व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

- घायलों में दो सगे भाई व एक कर्मचारी शामिल जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :

जाफराबाद के रिहायशी इलाके में रात के समय फैक्ट्री चलाने से मना करना दो भाइयों व उनके एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। पड़ोसी ने दोनों भाइयों व कर्मचारी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घायलों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज बरामद की है। घायलों की पहचान सगे भाइयों मोहम्मद अरशद (36) व मोहम्मद सलमान (25) और उनके कर्मचारी तालिब (25) के रूप में हुई है।

अरशद पत्नी, दो बच्चों व भाई सलमान के साथ गली नंबर-22 जाफराबाद में रहते हैं। उन्होंने अपने घर के नीचे ही रेडिमेड गारमेंट की दुकान खोल रखी है। भाई सलमान भी साथ ही दुकान पर बैठता है। कर्मचारी तालिब भी इसी गली में रहता है। आरोपित साकिब इनके पड़ोस में रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, साकिब की रेडिमेड गारमेंट की फैक्ट्री है। साकिब की फैक्ट्री दिन-रात चलती रहती है, जिससे लोगों की रात की नींद हराम होती है। इसी बात को लेकर तीन साल पहले पड़ोसियों ने थाने में शिकायत भी दी थी। शिकायत के बाद कुछ समय तक तो उसने रात में फैक्ट्री नहीं चलाई लेकिन इधर फिर से वह 24 घंटे संचालन करने लगा। इस बात को लेकर उसका अरशद से कई बार झगड़ा हुआ। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अरशद और साकिब के बीच कहासुनी हो गई। झगड़े के बीच साकिब ने कुछ देर में आने की बात कही और चला गया। थोड़ी देर बाद वह पिस्टल लेकर आया और घर के बाहर खड़े अरशद की जांघ में गोली मार दी। भाई सलमान बचाने आया तो उसके भी पैर में गोली मार दी। गोली लगने से दोनों भाई जमीन पर गिर गए तो इन्हें बचाने तालिब आया। साकिब ने तालिब के भी पैर में गोली मार दी। तीनों को गोली मारने के बाद वह मौके से फरार हो गया। तीनों को परिजन अस्पताल ले गए। इस घटना की सूचना मिलते ही उत्तर पूर्वी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि अवैध हथियार और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के सही कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पूरा घटनाक्रम अरशद के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज हासिल कर ली है। इसमें आरोपित दोनों भाइयों से झगड़ा करते हुए और बाद में इन्हें व तालिब को गोली मारते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को सजा दिलवाने में इस फुटेज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

chat bot
आपका साथी