मंडावली बना पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट

जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली अनलॉक-1 में कोरोना ने हाहाकार मचाया हुआ है। पूर्वी दिल्ली

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 09:43 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 01:19 AM (IST)
मंडावली बना पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
मंडावली बना पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : अनलॉक-1 में कोरोना ने हाहाकार मचाया हुआ है। पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा बुरा हाल मंडावली इलाके का है। मंडावली पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट है। मंडावली की चार गलियों में करीब 40 मामले सामने आने पर प्रशासन ने इन्हें सील कर दिया है। पुलिस ने गलियों पर बैरिकेड लगा दिए हैं, यहां रहने वाले लोगों को घरों में रहने के लिए कहा गया है। कुछ संक्रमितों को अस्पताल तो कुछ को घर में क्वारंटाइन किया गया है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। रोजमर्रा की जरूरत का समान प्रशासन मुहैया करवाएगा।

प्रशासन के अनुसार मंडावली ही एक ऐसा इलाका है जहां पर चार गलियों को सील किया गया है, लांबा साइकिल के सामने मंडावली की सी ब्लॉक की गली नंबर-1, 2 और 3 हैं। इसके साथ ही अल्लाह कॉलोनी गली नंबर-3 को सील किया है। यहां कुछ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, इसके बाद यहां के लोगों की जांच करवाई गई तो करीब 40 लोग संक्रमित पाए गए। इसके बाद इलाके को सील कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार यहां कोरोना सामुदायिक रूप से फैलना शुरू हो गया है। दूध, किराना की दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन दुकानदारों को दुकानों पर सैनिटाइजर रखना होगा और ग्लव्स पहनकर काम करना होगा।

प्रशासन ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम को सील गलियों में सैनिटाइज करने के निर्देश दिए हैं, इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से कहा गया है कि वह नियमित रूप से यहां के लोगों की स्क्रीनिग करें। लोगों से भी अपील की गई है कि वह किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, स्वास्थ्य विभाग ने जो दिशा निर्देश जारी किए हुए हैं उनका पालन करें। इसके अलावा आइपी एक्टेंशन के एकता गार्डन, न्यू अशोक नगर में दो इलाके सी-453 से 538 तक और सी-106 से 188 तक सील किए गए हैं। इसके अलावा मयूर विहार फेज-3 का पॉकेट- ए सील किया गया है।

-------

प्रतिक्रिया

मंडावली में कोरोना ने कोहराम मचाया हुआ है। शंकर मार्ग पर गली नंबर-1 में कोरोना के दो मरीज, मेन रोड मंडावली रोड पर तीन, मंडावली रेलवे कॉलोनी गली नंबर-आठ व नौ में तीन , सी-नौ में भी एक मामला सामने आया है। यहां कोरोना संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है लेकिन आम लोगों को सरकार से मदद नहीं मिल रही है। पूर्वी निगम लगातार प्रभावित इलाकों सहित आसपास के इलाकों में सैनिटाइजेशन करवा रहा है। लेकिन लोगों को चिकित्सकों के लगातार सलाह और इलाज की जरूरत है। इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।

शशि चांदना, निगम पार्षद, मंडावली।

chat bot
आपका साथी