चालक की हत्या कर कैब लूटने वाला झारखंड से गिरफ्तार

गोविदपुरी थाना पुलिस ने कैब चालक की हत्या कर कैब लूटने वाले आरोपित सुनील यादव को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 08:16 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 09:13 PM (IST)
चालक की हत्या कर कैब लूटने वाला झारखंड से गिरफ्तार
चालक की हत्या कर कैब लूटने वाला झारखंड से गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली :

गोविदपुरी थाना पुलिस ने कैब चालक की हत्या कर कैब लूटने वाले आरोपित सुनील यादव को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पिछले तीन माह से आरोपित की तलाश कर रही थी। फोन लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित कर्ज के चलते परेशान था इसलिए उसने पहले एक ओला कैब बुक कराई और सुनसान जगह देखकर चालक की हत्या कर दी। इसके बाद वह कैब लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान छुपाने के लिए उसका सिर पत्थर से कुचल दिया था। इसके बाद वह झारखंड के कोडरमा स्थित अपने घर भाग गया था। पुलिस ने लूटी हुई कार और मोबाइल बरामद कर लिया है।

दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि तुगलकाबाद निवासी सत्यभान ने 22 मार्च 2020 को अपने छोटे भाई राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके भाई कैब चलाते थे। गोविदपुरी पुलिस ने अपहृत व्यक्ति का पता लगाने के लिए ओला कैब कंपनी से कैब और जीपीएस मार्ग को एकत्र किया गया। जांच में पता चला कि 19 मार्च को कैब इरफान नाम के प्रोफाइल से बुक करवाई गई थी। संबंधित मोबाइल नंबर को पुलिस ने खंगाला तो उसकी लोकेशन झारखंड के कोडरमा में मिली। पुलिस को सर्विलांस की सहायता से सुनील नाम का शख्स हाथ लग गया। पूछताछ में पता चला कि सुनील ने फर्जी नाम-पते पर सिम कार्ड लेकर राहुल की कैब को बुक की थी। वह कैब को सुनसान रास्ते पर ले गया और वहां मौका देखते ही राहुल की हत्या कर दी।

chat bot
आपका साथी