कूड़ा उठाने की योजना के उद्घाटन पर घमासान

कल्याणपुरी और त्रिलोकपुरी वार्ड में घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना के उद्घाटन पर घमासान मच गया। कल्याणपुरी में भाजपा नेता उद्घाटन के लिए पहुंचे तो आप विधायक कुलदीप कुमार भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। निगम के अधिकारियों की गाड़ियों के आगे आप कार्यकर्ता बैठ गए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 09:29 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 09:29 PM (IST)
कूड़ा उठाने की योजना के उद्घाटन पर घमासान
कूड़ा उठाने की योजना के उद्घाटन पर घमासान

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :

कल्याणपुरी और त्रिलोकपुरी वार्ड में घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना के उद्घाटन पर घमासान मच गया। कल्याणपुरी में भाजपा नेता उद्घाटन के लिए पहुंचे तो आप विधायक कुलदीप कुमार भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। निगम के अधिकारियों की गाड़ियों के आगे आप कार्यकर्ता बैठ गए। कुलदीप कुमार का कहना था कि वह इस वार्ड के जनप्रतिनिधि हैं और इस नाते उद्घाटन वह करेंगे। उन्होंने नारियल भी फोड़ा। इसे लेकर भाजपा और आप कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई। बाद में निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने भी नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। इसी तरह से त्रिलोकपुरी वार्ड में भी महापौर निर्मल जैन और सत्यपाल द्वारा उद्घाटन किए जाने का आप कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।

इस हंगामे के कारण दोनों जगहों पर किसी तरह से औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से अलोकतांत्रिक रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। दरअसल, कल्याणपुरी वार्ड से कुलदीप कुमार और त्रिलोकपुरी ईस्ट वार्ड से रोहित कुमार मेहरोलिया पार्षद थे। लेकिन विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद से ये दोनों वार्ड पार्षद विहीन हैं। कुलदीप कुमार का कहना है कि यहां अभी चुनाव नहीं हुए हैं। आज भी वह इस वार्ड के सभी तरह के कार्य कराते रहते हैं। यह वार्ड उनकी विधानसभा में भी है। ऐसे में वही इस वार्ड के भी जनप्रतिनिधि हैं और उद्घाटन उन्हीं के द्वारा होना चाहिए था। लेकिन भाजपा के नेता झूठी वाहवाही लूटने के लिए यहां उद्घाटन करने पहुंचे थे। वहीं सत्यपाल सिंह का कहना है कि चूंकि योजना निगम की है तो निगम के मौजूदा नेता ही इस योजना का उद्घाटन करेंगे। कुलदीप कुमार का रवैया अलोकतांत्रिक है। वहीं, महापौर निर्मल जैन ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक भावना से खिलवाड़ नहीं किया अपितु महापौर के पद का भी अपमान किया है। दोनों कार्यक्रमों में उप महापौर हरिप्रकाश बहादुर, शाहदरा दक्षिणी जोन की चेयरपर्सन भावना मलिक, मयूर विहार जिलाध्यक्ष विनोद बछेती, पार्षद किरण वैद्य, सरोज, पूर्व पार्षद राजकुमार ढिल्लो, प्रेम गुप्ता, अभिषेक पंवार, पदम शर्मा, राजेश पार्चा आदि मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के पश्चात कल्यापुरी के स्कूल में अभिभावकों को राशन वितरण भी किया गया। इसमें शिक्षा समिति के चेयरमैन रोमेश गुप्ता मौजूद रहे।

-----

अगर विधायक को निगम के काम करने हैं तो कुलदीप कुमार पद से इस्तीफा दे दें। निगम का चुनाव लड़ें और जीतने के बाद उद्घाटन करें। लेकिन वह तो पार्षद पद से इस्तीफा देकर विधायक बने हैं।

- ऋचा पांडेय मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा

chat bot
आपका साथी