आदेश गुप्ता ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला

दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना पदभार संभाल लिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 08:17 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 12:52 AM (IST)
आदेश गुप्ता ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला
आदेश गुप्ता ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना पदभार संभाल लिया। कोरोना महामारी को ध्यान में रखकर उनके पदभार ग्रहण समारोह में काफी कम संख्या में पार्टी के नेताओं को बुलाया गया था। अध्यक्ष ने भी ट्वीट करके कार्यकर्ताओं से प्रदेश कार्यालय नहीं आने की अपील की थी। पद संभालते ही उन्होंने दिल्ली सरकार पर जोरदार प्रहार किए। कहा कि सरकार कोरोना संकट के समय असंवेदनशील बनी हुई है। दिल्ली को बचाने के लिए भाजपा अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर सरकार को सहयोग देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी हाई कमान की उम्मीदों पर खरा उतरने की उनकी कोशिश होगी। भाजपा में सामूहिक निर्णय पर फैसले होते हैं। सभी वरिष्ठ नेताओं की सलाह व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कोरोना संकट के समय जरूरतमंदों की सेवा में तेजी लाई जाएगी। इसके साथ ही संगठन को भी मजबूत किया जाएगा। दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवतावाद के दर्शन के आधार पर मानव सेवा का लक्ष्य लेकर देश पहले और खुद को सबसे अंत में मानकर वह संगठन व दिल्ली के लोगों की सेवा का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस कोरोना काल में अपने दायित्वों से पीछे हट रही है। भाजपा दिल्ली में एक करोड़ से ज्यादा लोगों को भोजन पहुंचाई है। सरकार चाहे तो अस्पतालों में भी कार्यकर्ता भोजन पहुंचाने व अन्य काम करने को तैयार हैं। उन्होंने दिल्ली सरकार को सोशल मीडिया के बजाय लोगों के बीच जाकर सरकार चलाने की सलाह दी। इस अवसर पर उन्होंने अपने स्वतंत्रता सेनानी दादा श्रीगोपाल गुप्त को याद किया।

निवर्तमान अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि उनके लिए गौरव की बात है कि जिस पद पर लाल कृष्ण आडवाणी, केदारनाथ साहनी, विजय कुमार मल्होत्रा जैसे नेता आसीन रहे, उन्हें भी उस पर काम करने का अवसर मिला। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी लोग नए अध्यक्ष को सहयोग करेंगे और पार्टी नई ऊंचाई पर पहुंचेगी।

दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मुश्किल दौर में आदेश गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनका परिवार देश सेवा के लिए समर्पित रहा है। इनके दादा के नाम से मुखर्जी नगर में एक सड़क है। इनके फूफा भूदेव शास्त्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल कराया था।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल व राजेश भाटिया, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक विजेंद्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, अजय महावर,अनिल वाजपेयी, अभय वर्मा आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी