MI vs DC IPL 2020: मुंबई ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया, प्लेऑफ की रेस हुई दिलचस्प
इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) का 51वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया जिसमें मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी। मुंबई ने दिल्ली को इस मैच में 9 विकेट से हरा दिया। इशान किशन ने शानदार पारी खेली।
नई दिल्ली, जेएनएन। MI vs DC IPL 2020 Live: इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) का 51वां मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई के कप्तान पोलार्ड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऐसे में दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 110 रन बनाए। इस तरह मुंबई के सामने जीत के लिए 111 रन का लक्ष्य था, जिसे मुंबई ने 14.2 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
दिल्ली कैपिटल्स की हार के साथ आइपीएल 2020 के प्लेऑफ की रेस दिलचस्प हो गई है। दिल्ली की टीम अब यहां से 16 अंक हासिल कर सकती है, लेकिन दिल्ली को बैंगलोर को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना होगा। आइपीएल के 13वें सीजन के प्लेऑफ में सिर्फ मुंबई की पहुंच सकी है, जिसके अब 18 अंक हैं और टीम टॉप 2 में खत्म करेगी।
IPL 2020 MI vs DC Match LIVE स्कोरकार्ड
मुंबई की पारी, इशान किशन की फिफ्टी
111 रन के जवाब में मुंबई इंडियंस को क्विंटन डिकॉक और इशान किशन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 38 रन बनाए। डिकॉक और किशन के बीच 68 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन डिकॉक 26 रन बनाकर एनरिक नॉर्खिया के शिकार बने। इशान किशन 47 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्के के साथ 72 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे। उनके साथ सूर्यकुमार यादव भी 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली की बल्लेबाजी, बुमराह का कहर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहले ओवर की तीसरी ही गेंद पर झटका लग गया। ओपनर शिखर धवन बगैर खाता खोले ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर पवेलियन लौट गए। पृथ्वी शॉ के तौर पर टीम को दूसरा झटका लगा। वह भी कुछ खास नहीं कर सके और 10 रन बनाकर बोल्ट की गेंद पर आउट हुए। दिल्ली को तीसरा झटका राहुल चहर ने दिया। श्रेयस अय्यर 25 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली को चौथा झटका मार्कस स्टोइनिस के रूप में लगा जो 2 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर डिकॉक के हाथों कैच आउट हुए। पांचवीं सफलता मुंबई को बुमराह ने ही दिलाई, जिन्होंने रिषभ पंत को 21 रन के स्कोर पर lbw आउट किया। दिल्ली का छठा विकेट हर्षल पटेल के रूप में गिरा जो 5 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। सातवें विकेट के तौर पर शिमरोन हेटमायर पवेलियन लौटे, जिन्होंने 11 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स का आठवां विकेट आर अश्विन के रूप में गिरा जो 12 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट हुए। 9वें विकेट के रूप कगिसो रबादा आउट हुए, जो 12 रन बना सके। रबादा पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए, जबकि प्रवीण दुबे 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
हार्दिक पांड्या को आराम, रहाणे प्लेइंग इलेवन से बाहर
मुंबई की टीम ने इस मुकाबले के लिए दो बदलाव किए हैं। हार्दिक पांड्या को आराम दिया गया है तो वहीं जेम्स पेटिंसन भी इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं। इन दोनों की जगह अंतिम ग्यारह में नाथन-कुल्टर नाइल और जयंत यादव को मौका मिला है। वहीं दिल्ली की टीम में पृथ्वी शॉ और हर्षल पटेल की वापसी हुई है जबकि प्रवीण दुबे ने आइपीएल में अपना डेब्यू किया। अजिंक्य रहाणे, तुषार देशपांड़े और अक्षर पटेल इस मैच में नहीं खेलेंगे।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
इशान किशन, क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, सौरव तिवारी, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), कुणाल पांड्या, नाथन-कुल्टर नाइल, जयंत यादव, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन
पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, मार्कस स्टोइनिस, हर्षल पटेल, प्रवीण दुबे, आर अश्विन, कगिसो रबादा, एनरिच नॉर्खिया।