IPL 2021 DC vs MI Match LIVE: दिल्ली की रोमांचक जीत, मुंबई को 6 विकेट से हराया

IPL 2021 DC vs MI इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 13वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 137 रन बनाए थे जवाब में दिल्ली ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 06:05 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:43 PM (IST)
IPL 2021 DC vs MI Match LIVE: दिल्ली की रोमांचक जीत, मुंबई को 6 विकेट से हराया
IPL 2021 DC vs MI Match LIVE:

नई दिल्ली, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 13वां मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई की टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में टीम 9 विकेट खोकर 137 रन बना सकी। दिल्ली ने 19.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। 2010 के बाद चेन्नई में दिल्ली ने यह पहली जीत हासिल की है। दिल्ली की यह चार मैचों में तीसरी जीत है और इसके साथ वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। 

IPL 2021 DC vs MI Match LIVE स्कोरकार्ड

दिल्ली का पारी, मुंबई को 6 विकेट से हराया

दिल्ली को पहला झटका जयंत यादव ने दिया और उन्होंने पृथ्वी शॉ को 7 रन पर आउट कर दिया। स्टीव स्मिथ को 33 रन पर किरोन पोलार्ड ने LBW आउट कर दिया। राहुल चाहर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में शिखर धवन 45 रन पर आउट हुए। जसप्रीत बुमराह की गेंद पर लैप शॉट लगाने की कोशिश में रिषभ पंत विकेट विकेट के पीछे फील्डिंग कर रहे क्रुणाल पांड्या को कैच दे बैठे। 

शिमरोन हेटमायर ने 9 गेंद पर 14 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। ललित यादव 25 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई की तरफ से जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, राहुल चाहर और कीरोन पोलार्ड ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। 

मुंबई की पारी, सिर्फ रोहित का चला बल्ला

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम को पहला झटका क्विंटन डिकॉक के रूप में लगा जो 4 गेंदों में 1 रन बनाकर मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर रिषभ पंत के हाथों कैच आउट हुए। दूसरी सफलता दिल्ली को सूर्यकुमार यादव के रूप में मिली जो 15 गेंदों में 24 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर पंत के हाथों कैच आउट हुए। रोहित शर्मा तीसरे विकेट के तौर पर आउट हुए, जो 30 गेंदों में 44 रन बनाकर अमित मिश्रा का शिकार बने। 

चौथा झटका अमित मिश्रा ने मुंबई को दिया। मिश्रा ने हार्दिक पांड्या को पहली ही गेंद पर स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। पांचवीं सफलता दिल्ली को ललित यादव ने दिलाई। उन्होंने क्रुणाल पांड्या को 1 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। छठा विकेट किरोन पोलार्ड के रूप में गिरा जो 2 रन बनाकर अमित मिश्रा के शिकार बने। सातवीं सफलता भी मिश्रा ने दिल्ली को दिलाई, जब उन्होंने इशान किशन को 26 रन के स्कोर पर बोल्ड किया।

आठवीं विकेट जयंत यादव के रूप में गिरी जो 23 रन बनाकर कगिसो रबादा की गेंद पर उन्हीं के हाथों कैच आउट हुए। 9वीं सफलता दिल्ली कैपिटल्स को आवेश खान ने दिलाई। उन्होंने राहुल चाहर को 6 रन के निजी स्कोर पर पंत के हाथों कैच आउट कराया। दिल्ली की ओर से अमित मिश्रा ने चार विकेट और आवेश खान ने दो विकेट चटकाए।

इम मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस में एक बदलाव देखने को मिला है। एडम मिल्ने की जगह जयंत यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, जो मुंबई को चेन्नई की पिच पर स्पिन विभाग को मजबूत करेंगे। दिल्ली की टीम में दो बदलाव हुए हैं। शिमरोन हेटमायर और अमित मिश्रा को टीम में जगह मिली है, जबकि क्रिस वोक्स और लुकमान मेरीवाला को बाहर किया गया है। 

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन

शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, स्टीव स्मिथ, रिषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, ललित यादव, आर अश्विन, शिमरोन हेटमायर, कगिसो रबादा, आवेश खान और अमित मिश्रा।

chat bot
आपका साथी