पृथ्वी शॉ व संजू सैमसन की पारी के दम पर भारत ए ने न्यूजीलैंड ए को हराया

शिखर धवन के चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम में चुने गए 20 वर्ष के शॉ ने 35 गेंद में 48 रन बनाए।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Wed, 22 Jan 2020 08:34 PM (IST) Updated:Wed, 22 Jan 2020 08:34 PM (IST)
पृथ्वी शॉ व संजू सैमसन की पारी के दम पर भारत ए ने न्यूजीलैंड ए को हराया
पृथ्वी शॉ व संजू सैमसन की पारी के दम पर भारत ए ने न्यूजीलैंड ए को हराया

लिंकन (न्यूजीलैंड), प्रेट्र। बेजोड़ फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ की शानदार पारी के दम पर भारत-ए ने पहले अनधिकृत वनडे में न्यूजीलैंड-ए को पांच विकेट से हराया। शिखर धवन के चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम में चुने गए 20 वर्ष के शॉ ने 35 गेंद में 48 रन बनाए। भारत की टी-20 टीम में धवन की जगह आए विकेटकीपर संजू सैमसन ने 21 गेंद में 39 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंद में 35 रन का योगदान दिया।

जीत के लिए 231 रन का लक्ष्य भारत ने 20 से अधिक ओवर बाकी रहते हासिल कर लिया। भारत-ए के लिए मुहम्मद सिराज सबसे उपयोगी गेंदबाज रहे, जिन्होंने 6.3 ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, खलील अहमद और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। भारत-ए टीम ने न्यूजीलैंड-ए को नौ गेंद बाकी रहते 230 रन पर आउट कर दिया।

न्यूजीलैंड-ए के लिए रचिन रवींद्र ने 58 गेंद में 49 और कप्तान टॉम ब्रूस ने 55 गेंद में 47 रन बनाए। भारत-ए की शुरुआत तेज रही जब शॉ और मयंक अग्रवाल ने अपने मनचाहे अंदाज में रन बनाए। भारत का पहला विकेट 79 रन के स्कोर पर गिरा जब जेम्स नीशाम ने शॉ को पवेलियन भेजा। शॉ ने अभ्यास मैच में 100 गेंद में 150 रन बनाए थे। इस मैच में उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़े। कप्तान शुभमन गिल 30 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन ने अपनी पारी में दो छक्के और तीन चौके लगाए। मुंबई के सूर्यकुमार ने भी तीन चौके और दो छक्के जड़े। विजय शंकर ने 20 और क्रुणाल पांड्या ने 13 रन की पारी खेली। दूसरा और तीसरा मैच क्राइस्टचर्च में शुक्रवार और शनिवार को खेला जाएगा।

आपको बता दें कि संजू सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पांच मैचों की टी 20 सीरीज के लिए चोटिल शिखर धवन की जगह टीम में जगह दी गई है जबकि पृथ्वी शॉ को कीवी टीम के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम में पहली बार मौका दिया गया है। 

chat bot
आपका साथी