IPL 2019 DC vs KXIP: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को 5 विकेट से हराया, अय्यर-धवन ने ठोकी फिफ्टी

IPL 2019 का 37वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। इस मैच में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट से बाजी मारी।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Sat, 20 Apr 2019 06:28 PM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 07:07 AM (IST)
IPL 2019 DC vs KXIP: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को 5 विकेट से हराया, अय्यर-धवन ने ठोकी फिफ्टी
IPL 2019 DC vs KXIP: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को 5 विकेट से हराया, अय्यर-धवन ने ठोकी फिफ्टी

नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 का 37वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। इस मुकाबले को मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने 5 विकेट से जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब से अपना बदला भी पूरा कर लिया है। क्योंकि, इसी सीजन में पंजाब ने दिल्ली को अपने घर में हराया था। 

दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। उधर, दिल्ली कैपिटल्स ने 164 रन का ये लक्ष्य 5 विकेट और 2 गेंद रहते हासिल कर लिया। दिल्ली की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 58 रन की पारी खेली। अय्यर ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जिताया। इसी जीत के साथ दिल्ली ने इस सीजन में अपने 10 मुकाबले में से 6 मुकाबले जीत लिए हैं। 12 अंकों के साथ दिल्ली आइपीएल 2019 की अंकतालिका में तीसरे पायदान पर है।

पंजाब की पारी, गेल ने लगाया अर्धशतक

इस मैच में पंजाब की शुरुआत दिल्ली के खिलाफ अच्छी नहीं रही। पंजाब का पहला विकेट 13 रन पर ही गिर गया। दिल्ली के स्पिनर संदीप लमिचाने ने पंजाब के ओपनर बल्लेबाज लोकेश राहुल को 12 रन पर चलता किया। संदीप की गेंद पर राहुल को रिषभ पंत ने स्टंप आउट कर दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मयंक अग्रवाल भी सस्ते में आउट हो गए। वो रबादा की गेंद पर जेम्स रदरफोर्ड के हाथों कैच आउट हुए। मयंक ने सिर्फ दो रन बनाए। पंजाब का तीसरा विकेट डेविड मिलर के तौर पर गिरा। वो अक्षर पटेल की गेंद पर पृथ्वी शॉ के हाथों कैच आउट हुए। मिलर ने 5 गेंदों पर 7 रन बनाए। क्रिस गेल ने 69 रन की पारी खेली और उन्हें लमिचाने ने आउट किया। सैम कुर्रन को भी लमिचाने ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर दिया। सैम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। पंजाब के कप्तान आर अश्विन तेज गेंदबाज कगिसो रबादा के शिकार हुए। हरप्रीत बरार 20 जबकि विल्जोन दो रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से संदीप लमिचाने ने तीन, कगिसो रबादा और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। 

दिल्ली की पारी, पंजाब पर भारी

दिल्ली को अच्ची शुरुआत दिलाने की कोशिश करने के चक्कर में पृथ्वी शॉ रन आउट हो गए हैं। पृथ्वी शॉ को मंदीप सिंह ने रन आउट किया। दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने आइपीएल के 12वें सीजन में तीसरी फिफ्टी(56 रन) जड़ी। धवन का विकेट हरदुस विल्जोन को मिला। दिल्ली की पारी का तीसरा विकेट रिषभ पंत के रूप में गिरा। रिषभ पंत 6 रन बनाकर विल्जोन का शिकार बने। इनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 58 रन और कोलिन इंग्राम ने 19 रन बनाए। पंजाब की ओर से हरदुस विल्जोन को दो विकेट और मोहम्मद शमी को एक विकेट मिला। 

इस मैच के लिए किंग्स इलेवन पंजाब की टीम इस प्रकार थी

 लोकेश राहुल(विकेटकीपर), क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, डेविड मिलर, मनदीप सिंह, आर अश्विन(कप्तान), सैम कुर्रन, हरप्रीत बरार, मुरुगन अश्विन, हरदुस विल्जोन और मोहम्मद शमी।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम- 

पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर(कप्तान), रिषभ पंत, कोलिन इंग्राम, शेरफन रदरफोर्ड, अक्षर पटेल, कगिसो रबादा, अमित मिश्रा, संदीप लमिछाने और इशांत शर्मा। 

chat bot
आपका साथी