विराट कोहली व मीराबाई चानू को मिला खेल का सर्वोच्च 'राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान'

विराट कोहली ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड हासिल किया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Tue, 25 Sep 2018 06:28 PM (IST) Updated:Tue, 25 Sep 2018 07:01 PM (IST)
विराट कोहली व मीराबाई चानू को मिला खेल का सर्वोच्च 'राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान'
विराट कोहली व मीराबाई चानू को मिला खेल का सर्वोच्च 'राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान'

नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली व भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों खेल का सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान हासिल किया। विराट कोहली देश के तीसरे क्रिकेट हैं जिन्हें राजीव गांधी खेर रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। विराट से पहले सचिन तेंदुलकर (1997) और महेंद्र सिंह धौनी (2007) ये सम्मान हासिल कर चुके हैं।

President Ram Nath Kovind confers National Sports Awards for 2018 at function in @rashtrapatibhvn. World champion weightlifter Saikhom #MirabaiChanu & Captain of Indian cricket team #ViratKohli received #RajivGandhiKhelRatnaAward. pic.twitter.com/ykmv5q9hma — All India Radio News (@airnewsalerts) September 25, 2018

बीसीसीआइ पिछले तीन वर्षों से विराट कोहली का नाम इस सम्मान के लिए भेज रहा था। वर्ष 2016 में विराट इस सम्मान को पाने से चूक गए थे। वर्ष 2016 में ओलंपिक गेम्स में देश के लिए मेडल जीतने वाली रेसलर साक्षी मलिक, शटलर पीवी सिंधू और महिला जिमनास्ट दीप कर्माकर को इस सम्मान से सम्मानित किया गया था। पिछले वर्ष यानी 2017 में हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह और पारा एथलिट देवेंद्र झाझरिया को ये सम्मान दिया गया था।  

वहीं मीराबाई चानू की बात करें तो वो देश की तीसरी वेटलिफ्टर हैं जिन्हें ये सम्मान दिया गया है। चानू से पहले कर्णम मल्लेश्वरी (1995) व एन कुंजारानी (1996) ये सम्मान हासिल कर चुकी है। राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड हासिल करने वाली चानू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक दिन पहले अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि ये सम्मान पाना मेरे लिए सचमुच बेदह गर्व और सम्मान की बात है। मैं उन सभी व्यक्तियों का धन्यवाद अदा करती हूं जिन्होंने मुझे इस सम्मान तक पहुंचने में मेरी मदद की। मैं अपने परिवार, अपने कोच, सरकार, फेडरेशन और खास तौर पर अपने फैंस का शुक्रिया अदा करती हूं। 

इस बार 20 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया जिसमें जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, धावक जिसेन जॉनसन व हिमा दास, महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा कई कोचों को द्रोणाचार्य व ध्यानचंद अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। सामान्य तौर पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी ध्यानचंद के जन्मदिन यानी 29 अगस्त को दिया जाता है लेकिन इस बार ये सम्मान 25 सितंबर को दिया गया। दरअसल जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स की वजह से इस अवॉर्ड समारोह के डेट को आगे बढ़ा दिया गया। 

इस बार जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया उनके नाम कुछ इस तरह से हैं-

राजीव गांधी खेल रत्न- विराट कोहली, मीराबाई चानू। 

अर्जुन अवॉर्ड- नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स), जिसेन जॉनसन (एथलेटिक्स), हिमा दास (एथलेटिक्स), एन सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन), सतीश कुमार (बॉक्सिंग), स्मृति मंधाना (क्रिकेट), शुभंकर शर्मा (गोल्फ), मनप्रीत सिंह (हॉकी), सविता (हॉकी), रवि राठौड़ (पोलो), राही सरनोबत (शूटिंग), अंकुर मित्तल (शूटिंग), श्रेयसी सिंह (शूटिंग), मनिका बत्रा (टेबल टेनिस), जी साथियान (टेबल टेनिस), रोबन बोपन्ना (टेनिस), सुमित (रेसलिंग), पुजा कादियान (वूशू), अंकुल धामा (पारा-एथलिट), मनोज सरकार (पारा-बैडमिंटन)

ध्यानचंद अवॉर्ड- सत्यदेव प्रसाद (आर्चरी), भारत कुमार छेत्री (हॉकी), बॉबी एलोसिस (एथलेटिक्स), चौगाले दादु दत्तात्रेय (रेसलिंग)

द्रोणाचार्य अवॉर्ड- अछैह कुटप्पा (बॉक्सिंग), विजय शर्मा (वेटलिफ्टिंग), ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस), सुखदेव सिंह पानू (एथलेटिक्स), क्लारेन्स लोबो (हॉकी लाइफटाइम एचीवमेंट), तारक सिन्हा (क्रिकेट लाइफटाइम एचीवमेंट), जिवान कुमार शर्मा (जूडो लाइफटाइम एचीवमेंट), वी आर बीडू (एथलेटिक्स लाइफटाइम एचीवमेंट)

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी