रोहित शर्मा अनफिट होकर टीम से हुए बाहर, बीच IPL में बदला मुंबई इंडियंस का कप्तान

IPL 2020 मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान रोहित शर्मा पिछले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ चोटिल हो गए थे। ऐसे में उनकी जगह टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कैरेबियाई ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड कप्तान करने उतरे।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 07:12 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 07:12 PM (IST)
रोहित शर्मा अनफिट होकर टीम से हुए बाहर, बीच IPL में बदला मुंबई इंडियंस का कप्तान
रोहित शर्मा पिछले मैच में चोटिल हो गए थे। (एएनआइ फोटो)

नई दिल्ली, जेएनएन। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के बीच में मुंबई इंडियंस को अपना कप्तान बदलने पर मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान और टीम को चार बार आइपीएल चैंपियन बना चुके रोहित शर्मा चोटिल हैं। पिछले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे। ऐसे में उनकी जगह टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को कप्तान बदलना पड़ा है। कैरेबियाई ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड सीएसके के खिलाफ बतौर कप्तान उतरे।

ऐसा पहली बार नहीं है जब रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में किरोन पोलार्ड ने टीम की कमान संभालने की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले भी वे टीम के कप्तान रह चुके हैं। पिछले साल भी रोहित शर्मा चोटिल होकर एक मैच से बाहर हो गए थे। उस मैच में भी पोलार्ड कप्तानी करने उतरे थे और टीम को जीत मिली थी। बता दें कि किरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। इतने मैच रोहित ने भी मुंबई के लिए नहीं खेले हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किरोन पोलार्ड जब रोहित शर्मा की जगह टॉस के लिए आए तो उन्होंने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि रोहित को क्या परेशानी है, क्योंकि वे पिछले मैच में सुपर ओवर के बाद मैदान पर नहीं दिखे थे। किरोन पोलार्ड ने टॉस के दौरान कहा, "रोहित अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग के साथ संघर्ष कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होंगे और कप्तानी करेंगे।" 

IPL 2020 में चार बार की चैंपियन और मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 9 मुकाबले खेल लिए हैं। 9 मैचों में मुंबई ने 6 मैच जीते हैं। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए टीम को अगले पांच मैचों में से कम से कम दो मुकाबले जीतने हैं। आइपीएल के 13वें सीजन की अंकतालिका में टीम तीसरे नंबर पर है। 

chat bot
आपका साथी