इस आस्ट्रेलियाई दिग्गज ने ठुकराया टीम इंडिया के मुख्य कोच का पद, BCCI ने किया था अप्रोच!

भारतीय टीम का अगला मुख्य कोच कौन होगा इससे पर्दा उठ चुका है। राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के अगले कोच होंगे क्योंकि रवि शास्त्री का कार्यकाल टी20 विश्व कप 2021 के साथ समाप्त हो रहा है। इस पद के लिए आस्ट्रेलियाई दिग्गज को भी अप्रोच किया गया था।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 02:17 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 02:17 PM (IST)
इस आस्ट्रेलियाई दिग्गज ने ठुकराया टीम इंडिया के मुख्य कोच का पद, BCCI ने किया था अप्रोच!
रिकी पोंटिंग दिल्ली कैपिटल्स के कोच हैं

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। ICC T20 World Cup 2021 के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच के पद से रवि शास्त्री इस्तीफा देंगे और ये पद खाली हो जाएगा। हालांकि, इसको भरने की प्रक्रिया तेज है और लगभग पक्का हो चुका है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ साल 2023 में होने वाले वनडे विश्व तक टीम के मुख्य कोच होंगे। इस बीच ये भी रिपोर्ट सामने आई है कि टीम इंडिया के मुख्य कोच पद के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने आस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को भी अप्रोच किया था, लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार नहीं किया।

आस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग को कथित तौर पर बीसीसीआइ ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाने के प्रस्ताव के साथ संपर्क किया था। हालांकि, पोंटिंग, जो वर्तमान में आइपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हुए हैं, उन्होंने इस पेशकश को ठुकरा दिया। टीओआइ की एक रिपोर्ट के अनुसार अभी इस इनकार के कारण अज्ञात हैं कि पोंटिंग ने इस पेशकश को क्यों ठुकराया है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है, "राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के मुख्य कोच के एकमात्र आदर्श उम्मीदवार थे। चुनौती उन्हें इसके लिए राजी कर रही थी। सच कहूं तो और कोई चारा नहीं है।"

पोंटिंग के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले सीजन में उपविजेता के रूप में समाप्त किया और इस साल भी प्लेआफ में दिल्ली की टीम ने जगह बनाई। वहीं, बीसीसीआइ ने अभी तक कुछ भी आधिकारिक नहीं किया है, लेकिन द्रविड़ एक सर्वसम्मत पसंद हैं। हालांकि, नई रिपोर्ट में जो दावा किया जा रहा है, वो इसके विपरीत है, क्योंकि राहुल द्रविड़ से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने कंगारू दिग्गज रिकी पोंटिंग से संपर्क किया था। हालांकि, द्रविड़ से पहले भी संपर्क किया गया था, लेकिन भारत के पूर्व कप्तान मुख्य कोच के रूप में कार्यभार संभालने के इच्छुक नहीं थे, क्योंकि वह बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी यानी एनसीए के प्रमुख के रूप में काम करना जारी रखना चाहते थे।

कथित तौर पर बीसीसीआइ ने द्रविड़ से कहा कि वह अपने मौजूदा वेतन पर एनसीए में नहीं रह पाएंगे और इसलिए यदि वह टीम इंडिया के साथ अपना जुड़ाव जारी रखना चाहते हैं नए मुख्य कोच के रूप में पदभार संभालना ही उनकी एकमात्र पसंद है। इस बीच भारत के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि कोचिंग के मोर्चे पर क्या हो रहा है, इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। आइसीसी की प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "बिल्कुल नहीं पता कि उस मोर्चे पर क्या हो रहा है।" द्रविड़ की नियुक्ति के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने कहा, "अभी तक किसी के साथ विस्तृत चर्चा नहीं हुई है।"

chat bot
आपका साथी