भारत में ही पांच-छह शहरों में होगा IPL 2021 का आयोजन, जल्द शेड्यूल होगा जारी

IPL 2021 का आयोजन इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ द्वारा भारत में ही किया जाना है। करीब आधा दर्जन शहरों में आइपीएल 2021 के मुकाबले खेले जा सकते हैं। इसकी तैयारी बीसीसीआइ कर रही है।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 08:36 AM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 08:36 AM (IST)
भारत में ही पांच-छह शहरों में होगा IPL 2021 का आयोजन, जल्द शेड्यूल होगा जारी
Ipl 2021 का आयोजन भारत में ही किया जाएगा

अभिषेक त्रिपाठी, अहमदाबाद। IPL 2021: इंग्लैंड सीरीज के तुरंत बाद होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) का आयोजन भारत में ही पांच-छह शहरों में कराया जाएगा। कोरोना के कारण आइपीएल के 13वें सीजन का आयोजन पिछले साल 19 सितंबर से 10 नवंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया गया था, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) ने इस बार तय किया है कि दुनिया की सबसे महंगी क्रिकेट लीग का आयोजन भारत में ही होगा।

बीसीसीआइ के एक पदाधिकारी ने कहा कि पहले हम लोग चर्चा कर रहे थे कि एक शहर में लीग मुकाबले कराएं और दूसरे शहर में नॉकआउट मुकाबले आयोजित कराए जाएं। ऐसे में हम सिर्फ एक बायो-बबल (खिलाड़ियों के लिए बनाए गए विशेष सुरक्षा माहौल) में ही पूरा टूर्नामेंट करा लेते, लेकिन अब यह तय किया गया है कि 11 अप्रैल से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट पांच-छह शहरों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए हमें पांच-छह बायो-बबल बनाने होंगे।

उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्यक्रम की घोषणा हो जाएगी। मालूम हो कि पहले दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने कहा कि था कि ऐसा लग रहा है कि लीग मैच मुंबई में और नॉकआउट मुकाबले अहमदाबाद में होंगे। मुंबई में वानखेड़े के अलावा ब्रेबोर्न और डीवाई पाटिल स्टेडियम भी हैं। पदाधिकारी ने कहा कि पहले हम लोग ऐसा सोच रहे थे, लेकिन कोरोना की स्थिति शहर दर शहर बदल रही है। मुंबई में हम सारे मैचों की योजना बना लें और वहां लॉक डाउन लगने जैसी स्थिति आ जाए तो सब खराब हो जाएगा।

2019 में आइपीएल का आयोजन भारत में नौ शहरों (चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, जयपुर, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, मोहाली और विशाखापत्तनम) में हुआ था। इसमें आठ फ्रेंचाइजियों के घरेलू मैदान हैं। बीसीसीआइ के पदाधिकारी ने कहा कि इतना तो तय है कि इस बार नौ मैदानों में मैच नहीं होंगे। यहां तक कि सभी फ्रेंचाइजियों के घरेलू मैदानों में भी मैच नहीं होंगे, लेकिन हम ज्यादा से ज्यादा स्टेडियम में इसे आयोजित करने के बारे में सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर अभी चर्चा हो रही है। इसमें फ्रेंचाइजियों की भी सहमति लेनी जरूरी है। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु और लखनऊ के नामों पर चर्चा हुई है। इसके अलावा भी कई शहरों के नामों पर बात हुई है। जल्द ही फैसला लिया जाएगा। आइपीएल के 14वें सीजन के लिए ऑक्शन हो चुका है, जिसमें सबसे महंगी बोली साउथ अफ्रीका के क्रिस मौरिस पर लगी है। राजस्थान की टीम ने उनको खरीदा है।

chat bot
आपका साथी