कोविड डायरी: मां के बाद अब महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति की बहन का भी कोविड से निधन

भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति को झकझोर कर रख दिया है। दो हफ्ते पहले मां के निधन के बाद अब उनकी बहन वत्सला शिवकुमार का कोविड-19 संक्रमण से निधन हो गया। 45 साल की वत्सला का निधन बुधवार रात चिक्कमंगलुरू के निजी अस्तपाल में हुआ।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 08:05 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 08:05 PM (IST)
कोविड डायरी: मां के बाद अब महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति की बहन का भी कोविड से निधन
भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति (एपी फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र। कोरोना के कहर ने भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति को झकझोर कर रख दिया है। दो हफ्ते पहले मां के निधन के बाद अब उनकी बहन वत्सला शिवकुमार का कोविड-19 संक्रमण से निधन हो गया। 45 साल की वत्सला का निधन बुधवार रात चिक्कमंगलुरू के निजी अस्तपाल में हुआ। वेदा की मां चेलुवंबा देवी का निधन पिछले महीने हुआ था। वेदा भारत के लिए 48 वनडे और 76 टी-20 मैच खेल चुकी हैं। (प्रेट्र)

राजस्थान के पूर्व रणजी लेग स्पिनर विवेक यादव नहीं रहे

नई दिल्ली, प्रेट्र। राजस्थान के पूर्व लेग स्पिनर और रणजी ट्रॉफी जीतने वाली टीम के सदस्य रहे विवेक यादव का कोरोना वायरस से जुड़ी समस्याओं के कारण निधन हो गया। वह 36 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी है। इस खिलाड़ी के निधन पर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने ट्विटर किया, 'राजस्थान के रणजी खिलाड़ी और करीबी मित्र विवेक यादव अब इस दुनिया में नहीं रहे। भागवान उनकी आत्मा को शांति थे। मरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।' यादव ने 18 प्रथम श्रेणी मैच में 57 विकेट हासिल किए।

लक्ष्मीरतन शुक्ला आइपीएल 2021 की कमाई करेंगे दान

कोलकाता, आइएएनएस। पूर्व भारतीय क्रिकेटर लक्ष्मीरतन शुक्ला ने आइपीएल 2021 में कमेंट्री से की गई अपनी कमाई को कोरोना राहत कार्य के लिए दान दिया है। शुक्ला ने ट्वीट कर कहा, 'आज छह मई को मेरे जन्मदिन के अवसर पर मैं आइपीएल 2021 में कमेंट्री से की गई कमाई को बंगाल मुख्यमंत्री राहत कोष में दे रहा हूं। कोरोना की स्थिति से लड़ने के लिए मेरी ओर से छोटा सा योगदान।' शुक्ला ने भारत के लिए तीन वनडे और 137 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं। वह आइपीएल में बंगाली भाषा कमेंट्री टीम का हिस्सा थे।  

निशानेबाज अपूर्वी चंदेला को हुआ कोरोना

नई दिल्ली, प्रेट्र। टोक्यो ओलंपिक में पदक की दावेदार भारत की अग्रणी महिला निशानेबाज अपूर्वी चंदेला कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। अपूर्वी उन निशानेबाजों में शामिल हैं, जिन्हें टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों के लिए अगले तीन महीने तक क्रोएशिया का दौरा करना है, जहां जगरेब में वह अपनी ट्रेनिंग करेंगी। आगामी टोक्यो ओलंपिक में अपूर्वी महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 

कोविड-19 मरीजों की मदद के लिए आगे आई सानिया

मुंबई, एएनआइ। भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कोरोना से लड़ाई में मदद के हाथ आगे बढ़ाए हैं। जिसमें धन जुटाने के लिए उन्होंने दक्षिण पूर्व एशिया के प्रमुख क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म केटो.ओआरजी का सहारा लिया है। क्राउडफंड के द्वारा जुटाई गई राशि हेमकुंट फाउंडेशन को उनकी 'ओ 2 फॉर यू' पहल का समर्थन करने के उद्देश्य से दान की जाएगी। यह फाउंडेशन देश भर में कोविड-19 रोगियों को मुफ्त आक्सीजन सिलेंडर खरीदने और प्रदान करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है।

chat bot
आपका साथी