रोहित शर्मा बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने, कैरेबियाई खिलाड़ी को पीछे छोड़ा

Most 6s against Left Arm Pacers न्यूजीलैंड के खिलाफ बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने तीन मैचों की इस टी20 सीरीज में कुल 10 छक्के लगाए और वो भारत की तरफ से कीवी टीम के खिलाफ एक टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 09:42 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 09:42 PM (IST)
रोहित शर्मा बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने, कैरेबियाई खिलाड़ी को पीछे छोड़ा
भारतीय टी20 टीम के कप्तान रोहित शर्मा (एपी फोटो)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। रोहित शर्मा ने कोलकाता में तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली अपनी 56 रन की पारी में 3 छक्के लगाए। इन तीन छक्कों की मदद से उन्होंने कई सारे रिकार्ड्स अपने नाम कर लिए। रोहित शर्मा अब लेफ्ट आर्म पेसर्स की गेंद पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पहले स्थान पर आ गए हैं तो वहीं वो न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तान बन गए। इसके अलावा उन्होंने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 50 छक्के भी पूरे कर लिए।  

रोहित शर्मा ने इविन लुईस का रिकार्ड तोड़ा

रोहित शर्मा वर्ल्ड क्रिकेट में बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों पर अब तक कुल 18 छक्के लगाए हैं और उन्होंने इविन लुईस का रिकार्ड तोड़ दिया जिन्होंने अब तक 17 छक्के लगाए थे। 

रोहित ने एक टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की तरफ से लगाए सबसे ज्यादा छक्के

न्यूजीलैंड के खिलाफ बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने तीन मैचों की इस टी20 सीरीज में कुल 10 छक्के लगाए और वो भारत की तरफ से कीवी टीम के खिलाफ एक टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने। रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर श्रीलंका के खिलाफ भी भारत की तरफ से एक टी20 मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा (11 छक्के) लगाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं विराट कोहली भी भारत की तरफ से बतौर कप्तान एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा (13 छक्के) लगाने वाले खिलाड़ी हैं। 

T20I में रोहित के बतौर कप्तान 50 छक्के पूरे

रोहित शर्मा ने कप्तान के तौर पर टी20 इंटरनेशनल मैचों में अपने छक्कों की संख्या 50 कर ली और ऐसा करने वाले दुनिया के पांचवें कप्तान बने। रोहित शर्मा से पहले इंटरनेशनल टी20 मैचों में बतौर कप्तान 50 का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज इयोन मोर्गन, आरोन फिंच, विराट कोहली और असगर अफगान हैं। 

T20I में सबसे ज्यादा छक्के लागने वाले टाप 5 कप्तान -

85 - इयोन मोर्गन

70 - आरोन फिंच

59 - विराट कोहली

53 - असगर अफगान

50 - रोहित शर्मा

chat bot
आपका साथी