मयंक अग्रवाल इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने, रोहित हैं नंबर 1

India vs Bangladesh मयंक अग्रवाल ने अपनी 243 रन की पारी में कुल 8 छक्के लगाए।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 15 Nov 2019 05:35 PM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2019 07:38 AM (IST)
मयंक अग्रवाल इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने, रोहित हैं नंबर 1
मयंक अग्रवाल इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने, रोहित हैं नंबर 1

 नई दिल्ली, जेएनएन। India vs Bangladesh 1st test match: मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में पूरी तरह से छाए रहे। उनकी दमदार बल्लेबाजी के सामने विरोधी टीम के गेंदबाज पूरी तरह से नतमस्तक दिखे और मयंक रन बनाते रहे। हालांकि मयंक की पारी का अंत 243 रन पर हो गया, लेकिन जिस अंदाज में वो खेल रहे थे उससे तो यही लग रहा था कि वो कुछ खास करके ही मानेंगे। हालांकि वो छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर कैच आउट हुए, लेकिन अपनी इस पारी में मयंक ने 8 छक्के लगाए और कुछ अहम रिकॉर्ड्स भी बना डाले। 

मयंक ने कर ली नवजोत सिंह सिद्धू की बराबरी

टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में मयंक अग्रवाल ने पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज सिद्धू (Sidhu) की बराबरी कर ली। भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज सिद्धू थे और उन्होंने आठ छक्के लगाए थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 1994 में ये कमाल किया था। अब बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में मयंक ने 243 रन की पारी खेली जिसमें उन्होंने 28 चौके व 8 छक्के लगाए। इस तरह से अब वो सिद्धू की बराबरी पर आ गए। 

बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ा मयंक अग्रवाल ने

मयंक अग्रवाल इस वर्ष टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्का लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। इस वर्ष यानी 2019 में अब तक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं (Rohit Sharma) जिन्होंने कुल 19 छक्के लगाए हैं वहीं मयंक के नाम पर अब कुल 18 छक्के हो गए हैं। मयंक ने इस मामले में बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम पर इस वर्ष टेस्ट में अब तक कुल 15 छक्के दर्ज हैं। वैसे मयंक रोहित से सिर्फ एक ही छक्के पीछे हैं ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि वो उन्हें कब पीछे छोड़ पाते हैं। 

इस साल टेस्ट क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

रोहित शर्मा- 19 छक्के

मयंक अग्रवाल- 18 छक्के

बेन स्टोक्स- 15 छक्के

छक्का लगाकर मयंक ने पूरा किया अपना दोहरा शतक

मयंक अग्रवाल ने छक्का लगाकर बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में अपना दोहरा शतक पूरा किया। टेस्ट क्रिकेट में वो ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। मयंक से पहले रोहित शर्मा ने ये कमाल किया था जब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट में 212 रन की पारी खेली थी। 

chat bot
आपका साथी