फाइनल मैच में हुए विवाद के बाद भारत-बांग्लादेश की टीम ने साथ खाया था खाना : अकबर अली

बांग्लादेश टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले कप्तान अकबर अली ने कहा कि विवाद के अगले ही दिन दोनों टीम ने एक साथ खाना खाया था और उनमें कोई भी मनमुटाव नहीं था।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 05:55 PM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 05:55 PM (IST)
फाइनल मैच में हुए विवाद के बाद भारत-बांग्लादेश की टीम ने साथ खाया था खाना : अकबर अली
फाइनल मैच में हुए विवाद के बाद भारत-बांग्लादेश की टीम ने साथ खाया था खाना : अकबर अली

निखिल शर्मा, नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में खेला गया अंडर-19 विश्व कप का फाइनल विवादों से भरपूर रहा था। यहां बांग्लादेश की युवा टीम ने भारतीय टीम को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया था। जीत के बाद उत्साहित बांग्लादेशी खिलाडि़यों ने उग्र जश्न मनाया, जिससे मैदान पर कई भारतीय खिलाड़ियों से उनकी हाथापाई तक की नौबत आ गई थी।

हालांकि बांग्लादेश टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले कप्तान अकबर अली ने कहा कि विवाद के अगले ही दिन दोनों टीम ने एक साथ खाना खाया था और उनमें कोई भी मनमुटाव नहीं था। बता दें कि यह किसी भी तरह के क्रिकेट में बांग्लादेश का पहला यह आइसीसी टूर्नामेंट का खिताब था।

दैनिक जागरण के साथ एक्सक्लूजिव बातचीत में अकबर ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में जाना और वहां खेलना बहुत चुनौतीपूर्ण था। एशिया कप के फाइनल में हमें भारत से हार मिली थी। हम इंग्लैंड में भी उनके खिलाफ खेले। भारत बड़ी टीम है और उनके खिलाफ फाइनल खेलना चुनौतीपूर्ण था। हम यही सोच रहे थे कि मैच मुश्किल होगा।

मैच के बाद हुए विवाद पर अकबर ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह पांच से छह मिनट में हुआ। मैं मैदान पर जीत का जश्न मना रहा था, देखा तो कुछ खिलाडि़यों में बहस हो रही है। हालांकि पूरी टीम के खिलाड़ी युवा थे और वह इतिहास रचकर जोश में थे। मैच से अगले दिन दोनों टीम के खिलाडि़यों ने अच्छे से बात की और साथ खाना खाया।

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई से लगातार दस ओवर कराने पर भारतीय कप्तान प्रियम गर्ग की आलोचना भी हुई थी। प्रियम की कप्तानी पर अकबर ने कहा कि मैं प्रियम भाई को बहुत अच्छे से जानता हूं। वह बड़े भाई की तरह हैं। रवि उस वक्त बेहद अच्छी गेंदबाजी कर रहा था। लगातार गुगली डालकर परेशान कर रहा था। लग रहा था कि वह किसी भी गेंद पर विकेट ले सकता है। प्रियम भाई ने उसको लगातार ओवर डलवा कर अच्छा ही किया था। दबाव में अपनी टीम को जीत दिलाने पर अकबर ने कहा कि हमने पहले 180 से नीचे उन्हें आउट कर दिया था। दबाव अब भारतीय टीम पर था। इसके बाद हमारे ओपनरों ने अच्छी शुरुआत दिलाई। हमने सोचा हमें विकेट बचाकर रखने होंगे, जीत मिल जाएगी।

अकबर ने कहा कि बांग्लादेश की सीनियर टीम के सालों के प्रदर्शन से बांग्लादेश के युवा क्रिकेटरों का नजरिया भी बदला है। बांग्लादेश क्रिकेट अब अच्छी जगह पर पहुंच रहा है। बांग्लादेश में कोरोना संक्रमण भी अब फैलने लगा है। अकबर ने कहा कि पॉजिटिव केस लगातार बढ़ रहे हैं। हम पिछले दो महीने से अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। हम फिटनेस पर काम कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी