5 साल के बाद IPL में ये कमाल करने में कामयाब हुए ग्लेन मैक्सवेल, खेली तूफानी पारी

IPL 2021 रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी ने ग्लेन मैक्सवेल पर जो मोटी रकम खर्च की थी वो काम आ रही है क्योंकि टीम के लिए उन्होंने शानदार पारी खेली है। मैक्सवेल ने हैदराबाद के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली है।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 09:24 PM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 09:24 PM (IST)
5 साल के बाद IPL में ये कमाल करने में कामयाब हुए ग्लेन मैक्सवेल, खेली तूफानी पारी
Glenn Maxwell ने IPL में अर्धशतक जड़ा है (फोटो आइपीएल ट्विटर)

नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2021: देर आए दुरुस्त आए। ये कहावत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के ऊपर फिट बैठती है, क्योंकि वे पिछले कुछ आइपीएल सीजनों में खराब प्रदर्शन कर रहे थे। यही कारण है कि पंजाब की फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज करना ही उचित समझा था, लेकिन जैसे ही उनकी जर्सी बदली, वैसे ही वे तूफानी तेवरों में नजर आए। आइपीएल के 14वें सीजन के अपने दूसरे मैच में ग्लेन मैक्सेवल ने तूफानी अर्धशतक जड़ा है और आइपीएल में अर्धशतक जड़ने के लिए उनको आधा दशक लग गया है।

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सेवल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आइपीएल 2021 के छठे मुकाबले में 38 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से अर्धशतक जड़ा। हालांकि, वे इस पारी में 41 गेंदों का सामना करने के बाद 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन बना पाए, लेकिन उनके माथे से एक कलंक धुल गया। दरअसल, ग्लेन मैक्सेवल ने आइपीएल जैसे टूर्नामेंट में एक या दो नहीं, बल्कि पांच साल के बाद अर्धशतकीय पारी खेली है। आखिरी बार उन्होंने 2016 में आइपीएल में अर्धशतक जड़ा था और इसके बाद से वे बड़ी पारी के लिए तरस रहे थे।

हैरान करने वाली बात ये है कि वे पिछले साल किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेले थे और वे आधा दर्जन से ज्यादा पारियां खेलने के बावजूद भी एक अर्धशतक तो छोड़िए, एक छक्का तक नहीं जड़ पाए थे। पंजाब की फ्रेंचाइजी ने उन पर मोटी रकम कई बार खर्च की, लेकिन वे टीम के लिए उपयोगी साबित नहीं हुए। हालांकि, आरसीबी ने भी उन पर मोटी बोली लगाई और 14.25 करोड़ में उनको अपने साथ जोड़ा। 2 करोड़ की बेस प्राइस से निकली बोली मैक्सवेल पर सवा 14 करोड़ रुपये पर जाकर बंद हुई और वे आरसीबी के हो गए।

chat bot
आपका साथी