MS Dhoni मैच से पहले अपने साथी खिलाड़ियों को क्यों गुड लक विश नहीं करते, सामने आई सच्चाई
टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने बताया कि आखिर क्यों महेंद्र सिंह धौनी किसी भी मैच से पहले अपने साथी खिलाड़ियों को गुड लक विश नहीं करते हैं। ओझा ने कहा कि धौनी के अनुसार वो कभी ऐसा नहीें करना चाहते।
नई दिल्ली, जेएनएन। महेंद्र सिंह धौनी एक शानदार कप्तान व लीडर हैं और इस बात को पूरी दुनिया मानती है। धौनी अपने खिलाड़ियों से बेस्ट लेने के लिए जाने जाते हैं साथ ही वो अपने साथी खिलाड़ियों को खूब बैक भी करते हैं जिससे कि वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। वैसे क्रिकेटर्स और अंधविश्वास का गहरा नाता रहा है और कई क्रिकटर्स इसके लिए खूब जाने भी जाते रहे हैं। जैसे कि, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ कई अपने जूते के फीते को बल्लेबाजी के दौरान नहीं देखते हैं और वो अपने पैड को इस तरह से बांधते हैं कि, जूते का फीता उससे छुपा रहे।
भारतीय क्रिकेटर्स के साथ भी कई अंधविश्वास जुड़े हुए थे और अभी भी हैं इसमें कोई अपनी पसंदीदा टीशर्ट पहनता है तो कोई मैच से पहले कुछ खास रूटीन अपनाता है। अब टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने खुलासा किया है कि, महेंद्र सिंह धौनी मैच शुरू होने से पहले कभी भी अपने साथी खिलाड़ियों को गुडलक विश नहीं करते थे। ओझा ने स्पोर्ट्स टूडे के साथ बात करते हुए कहा कि, धौनी कभी भी टीम के खिलाड़ियों के मैच से पहले ऑल द बेस्ट या फिर गुड लक विश नहीं करते।
प्रज्ञान ओझा ने बताया कि, धौनी का मानना है कि अगर वो किसी खिलाड़ी को विश करते हैं तो फिर इसके उस खिलाड़ी का गेम प्रभावित होता है और उसकी पारी का अंत अलग तरीके से होता है। ये धौनी का अंधविश्वास है और इसी वजह से वो किसी को विश नहीं करते। ओझा ने कहा कि, शायद यही वजह से कि धौनी ने ऐसा करने से खुद को रोका है। ओझा ने बताया कि, इसे लेकर धौनी से एक बार उनकी बात भी हुई थी और उन्होंने साफ तौर पर कहा कि, वो अपने खिलाड़ियों को विश नहीं करना चाहते और ना ही ये चाहते हैं कि, विरोधी टीम का कोई खिलाड़ी उन्हें विश करे।