पाकिस्तानी दिग्गज ने उड़ाया न्यूजीलैंड की टीम का मजाक, कीवी क्रिकेटर ने दिया करारा जवाब

Pak vs NZ न्यूजीलैंड ने सिक्योरिटी अलर्ट के कारण पाकिस्तान का दौरा कैंसिल कर दिया था और अब खिलाड़ी दुबई पहुंच गए हैं। इस बीच दोनों देशों के क्रिकेटरों में बयानबाजी जारी है। इसी के चलते मुहम्मद हफीज को कीवी क्रिकेटर से जवाब मिला है।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 02:49 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 02:49 PM (IST)
पाकिस्तानी दिग्गज ने उड़ाया न्यूजीलैंड की टीम का मजाक, कीवी क्रिकेटर ने दिया करारा जवाब
New Zealand ने Pakistan का दौरा कैंसिल कर दिया है (फोटो ट्विटर)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान का दौरा सुरक्षा खतरे को देखते हुए पहले वनडे मैच से पहले कैंसिल कर दिया। इसके बाद तमाम बयानबाजी हुई और इस बीच पाकिस्तान के ही अनुभवी खिलाड़ी मुहम्मद हफीज ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का मजाक उड़ाया। हालांकि, इस पाकिस्तानी दिग्गज को कीवी क्रिकेटर मिचेल मैक्लेनघन से करार जवाब भी मिला, लेकिन मैक्लेनघन ने बाद में अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

दरअसल, न्यूजीलैंड ने सुरक्षा का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा रद करने का फैसला किया था। पाकिस्तान के लिए 50 से ज्यादा टेस्ट और 218 वनडे खेल चुके मुहम्मद हफीज न्यूजीलैंड के दौरा रद्द करने से नाराज हैं। हफीज ने चार्टर फ्लाइट से दुबई जा रहे न्यूजीलैंड की टीम के खिलाड़ियों के पाकिस्तानी इमिग्रेशन से गुजरते हुए एक तस्वीर पोस्ट की और ट्वीट किया, "ब्लैककैप्स को सुरक्षित एयरपोर्ट पहुंचाने की व्यवस्था करने के लिए पाकिस्तान के सुरक्षाबलों का धन्यवाद। एक ही मार्ग पर आश्चर्य है और वही सुरक्षा बल हैं, लेकिन आज कोई खतरा नहीं?"

उधर, इसके जवाब में न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर मिचेल मैक्लेनघन ने कहा, "भाई, यह बात सही नहीं है। खिलाड़ियों या बोर्ड को दोष न दें। हमारी सरकार को दोष दें। उन्हें मिली सलाह पर ही उन्होंने ये काम (पाकिस्तान का दौरा कैंसिल) किया है। मुझे पूरा यकीन है कि ये सभी युवा खिलाड़ी खुद को साबित करना चाहते हैं और खेलना चाहते हैं। उनके पास कोई विकल्प नहीं था।" हालांकि, बाद में इस ट्वीट को मैक्लेनघन ने डिलीट भी कर दिया, जिसका स्क्रीनशाट यहां है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने इस्लामाबाद से उड़ान के बाद रविवार सुबह दुबई पहुंचने वाले खिलाड़ियों की तस्वीरें पोस्ट कीं। एनजेडसी ने ट्वीट किया, "ब्लैककैप्स कल रात (न्यूजीलैंड समय) एक चार्टर फ्लाइट से इस्लामाबाद से रवाना होने के बाद दुबई पहुंचे हैं। 34 खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की टुकड़ी अब अपने दुबई होटल में आराम कर रही है और 24 घंटे के सेल्प आइसोलेशन की अवधि से गुजर रही है।"

chat bot
आपका साथी