रोहित शर्मा का बड़ा राज खोला सूर्यकुमार यादव ने, बताया- प्रेशर में होती है MI तो क्या करते हैं कप्तान
सूर्यकुमार यादव ने अपने कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की और बताया कि जब उनकी टीम प्रेशर में होती है तो उस वक्त कप्तान क्या करते हैं। रोहित शर्मा ने 2011 में मुंबई कैंप के साथ जुड़े थे और 2013 में वो इस टीम के कप्तान बने।
चेन्नई, एएनआइ। आइपीएल 2021 में एक बार फिर से मुंबई इंडियंस की शुरुआत निराश करने वाली रही और इस लीग के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा को विराट कोहली की टीम ने पहले ही मैच में पटखनी दे दी। वैसे इस मैच में रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहा, लेकिन आरसीबी ने आखिरकार बाजी मार ही ली। कप्तान रोहित शर्मा ने कहा भी कि, इस शुरुआत से कोई फर्क नहीं पड़ता और आखिरी नतीजा ही मायने रखता है। रोहित का इशारा किस तरफ था ये सबने महसूस कर लिया।
अब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के बारे में इस टीम के धुरंधर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा खुलासा किया। रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 10 साल पूरे कर लिए। बेशक टीम को हार मिली, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने अपने कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की और बताया कि, जब उनकी टीम प्रेशर में होती है तो उस वक्त कप्तान क्या करते हैं। रोहित शर्मा ने 2011 में मुंबई कैंप के साथ जुड़े थे और 2013 में वो इस टीम के कप्तान बने और फिर टीम किस ऊंचाई तक पहुंची ये सबको पता है।
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो में कहा कि, जब रोहित शर्मा बल्लेबाजी करते हैं तो वो अपने कंधों पर सारी जिम्मेदारी ले लेते हैं। जब टीम अच्छा कर रही होती है तब सबकुछ सही नजर आता है, लेकिन जब टीम दवाब में होती है तब कप्तान क्या करता है ये सबसे अहम होता है। प्रेशर की स्थिति में मैं देखता हूं कि, रोहित शर्मा बेहद शांत रहते हैं।
आपको बता दें कि, मुंबई को आरसीबी ने इस सीजन के पहले ही मैच में 2 विकेट से हरा दिया। इस मैच में रोहित शर्मा ने 15 गेंदों पर एक छक्का और एक चौके की मदद से सिर्फ 19 रन बनाए थे। वहीं सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में 31 रन का योगदान दिया था। मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 159 रन बनाए और आरसीबी को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य दिया था जिसे विराट की टीम ने हासिल कर लिया।